बच्चों ने की कांवरियों एवं डाक बमों की सेवा
25 अगस्त 2026
साइंस वाणी न्यूज़ देवघर से अरविन्द यादव की रिपोर्ट
बांका,चांदन प्रखंड के
यूथ डेवलपमेंट एंड वेलफेयर फाउंडेशन के बैनर तले गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल, कटोरिया एवं विद्या वाहिनी पब्लिक स्कूल, यादोरायडीह के बच्चों द्वारा कांवरियों एवं डाक बमों की सेवा के लिए सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों ने श्रद्धा, उत्साह और सेवाभाव के साथ कांवरियों की सेवा की।
सेवा शिविर में कांवरियों के लिए ठंडा पानी, गर्म पानी, नींबू-चीनी का शरबत, सेव, केला, माजा तथा दर्द निवारक मरहम एवं तेल उपलब्ध कराया गया। बच्चों ने स्वयं आगे बढ़कर कांवरियों को सामग्री वितरित की और उनकी आवश्यकताओं में सहयोग किया।
इस अवसर पर यूथ डेवलपमेंट एंड वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष इं. दिवाकर कुमार ने कहा, “मानव सेवा ही परम धर्म है। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि बच्चों में सेवा, सहयोग, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जब बच्चे अलग-अलग एवं अनजान लोगों से संवाद करते हैं और उनकी सहायता करते हैं, तो उनमें आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है।”
उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और ‘सेवा ही संस्कार है’ की भावना को आत्मसात करने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में संस्था की सचिव बाबिता देवी, कोषाध्यक्ष गुलाबी यादव, सदस्य कन्हैया यादव, सावित्री देवी, अंशु, विवेक, रानी, सनी, वीणा, ज्योति, सेविका, सोनू गौतम सहित अन्य सदस्य एवं सहयोगी उपस्थित रहे।
इस सेवा अभियान में बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता, सेवा और सहयोग के संस्कार विकसित करने का भी माध्यम है।