एक पेड़ मां के नाम" अभियान: कांकेर में निकली हरित जागरूकता रैली, सैकड़ों लोगों को वितरित किए गए पौधे
02 अगस्त 2026
बसंत प्रधान जिला ब्यूरो चीफ कांकेर
कांकेर। पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश देने के उद्देश्य से आज कांकेर में समाजसेवी संगठन द्वारा "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत भव्य जागरूकता रैली एवं पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
रैली घड़ी चौक से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुराना बस स्टैंड पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान प्रतिभागियों ने "एक पेड़ मां के नाम" के नारे लगाते हुए लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया और आम नागरिकों को पौधे वितरित किए।
कार्यक्रम में समाजसेवी संगठन के अध्यक्ष पप्पू मोटवानी अपने साथियों के साथ उपस्थित रहे। वहीं तुलसी मानस प्रतिष्ठान जिला इकाई कांकेर के पदाधिकारी एवं सदस्य भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। वन विभाग (फॉरेस्ट) के अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे और अभियान को सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर अध्यक्ष पप्पू मोटवानी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और सभी नागरिकों को इसमें सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने पौधे ग्रहण किए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। पूरे शहर में हरियाली और प्रकृति संरक्षण का संदेश गूंजता रहा।