-->
जन्माष्टमी एवं झुला उत्सव को लेकर रायगढ़ में बदलेगा यातायात का रूट, 2 से 6 सितंबर तक रहेगी डायवर्सन व्यवस्थायातायात पुलिस ने जारी किया रूट चार्ट, छह स्थानों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित; शहर में बनाए गए पांच पार्किंग स्थल, श्रद्धालुओं एवं आमजनों से सहयोग की अपील

जन्माष्टमी एवं झुला उत्सव को लेकर रायगढ़ में बदलेगा यातायात का रूट, 2 से 6 सितंबर तक रहेगी डायवर्सन व्यवस्थायातायात पुलिस ने जारी किया रूट चार्ट, छह स्थानों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित; शहर में बनाए गए पांच पार्किंग स्थल, श्रद्धालुओं एवं आमजनों से सहयोग की अपील


संवाददाता – संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़, रायगढ़
रायगढ़। जिला मुख्यालय में प्रसिद्ध जन्माष्टमी पर्व एवं झुला उत्सव को देखते हुए शहर में बढ़ने वाली श्रद्धालुओं और आमजनों की भीड़ तथा व्यस्त यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस रायगढ़ ने विशेष रूट चार्ट तैयार किया है। पर्व के दौरान शहर में यातायात को सुचारू, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए 2 सितंबर 2026 से 6 सितंबर 2026 तक एकांगी मार्ग एवं डायवर्सन व्यवस्था लागू रहेगी।
यातायात पुलिस ने जिला एवं दीगर जिला क्षेत्रों से रायगढ़ आने वाले गणमान्य नागरिकों, आमजनों तथा श्रद्धालु भक्तजनों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की यातायात संबंधी परेशानी उत्पन्न न हो।
रेलवे स्टेशन से चक्रधरनगर जाने वालों के लिए बदला मार्ग
यातायात पुलिस द्वारा जारी व्यवस्था के अनुसार रेलवे स्टेशन पाइंट नंबर 06 से चक्रधरनगर की ओर जाने वाले वाहनों को पाइंट नंबर 08 सुभाष चौक होते हुए पाइंट नंबर 09 गद्दी चौक से डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन चांदनी चौक अथवा सर्किट हाउस मार्ग से होते हुए चक्रधरनगर की ओर जा सकेंगे।
वहीं चक्रधरनगर की ओर से रेलवे स्टेशन आने वाले वाहनों के लिए भी अलग मार्ग निर्धारित किया गया है। ऐसे वाहन पाइंट नंबर 04 शहीद चौक से सारंगढ़ चौक, मालधक्का रोड होते हुए पाइंट नंबर 06 रेलवे स्टेशन की ओर आ सकेंगे।
अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए पांच पार्किंग स्थल
श्रद्धालुओं एवं आमजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में पांच प्रमुख पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। अलग-अलग मार्गों से आने वाले वाहनों को संबंधित पार्किंग स्थल पर खड़ा करने की व्यवस्था की गई है।
1. मिनी स्टेडियम – चक्रधरनगर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए।
2. रामलीला मैदान – केवड़ाबाड़ी की ओर से आने वाले वाहनों के लिए।
3. नटवर स्कूल – कोतरारोड मार्ग की ओर से आने वाले वाहनों के लिए।
4. पुराना सारंगढ़ बस स्टैंड – सारंगढ़-चंद्रपुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए।
5. गांधी गंज – शहर के आमजनों के वाहनों की पार्किंग के लिए।
छह प्रमुख स्थानों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
जन्माष्टमी एवं झुला उत्सव के दौरान यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखने के लिए कुछ प्रमुख स्थानों पर चार पहिया, दो पहिया एवं ऑटो वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
प्रतिबंधित स्थानों में गद्दी चौक, सुभाष चौक, सारंगढ़ चौक, ओवरब्रिज (गोगाराइस मिल), कोष्टापारा तिराहा तथा सिल्वर पैलेस तिराहा शामिल हैं।
यातायात पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन ले जाने से बचें और पुलिस द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
यातायात पुलिस ने की सहयोग की अपील
जन्माष्टमी पर्व एवं झुला उत्सव के दौरान शहर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस रायगढ़ ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि निर्धारित रूट चार्ट एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करने से यातायात को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी और श्रद्धालुओं को भी आवागमन में सुविधा होगी।
यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे पर्व के दौरान धैर्य रखें, यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार ही आवागमन करें। इससे जन्माष्टमी पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराने में आम नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article