आगामी त्योहारों से पहले रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन, 58 गुंडा-निगरानी बदमाशों की सामूहिक पेशीभोर से बदमाशों के घरों पर पुलिस की दबिश, थाने में हर माह देनी होगी हाजिरी; अपराध से दूर रहने की दो टूक चेतावनी
01 सितंबर 2026
संवाददाता – संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़, रायगढ़
रायगढ़, 1 सितंबर 2026। आगामी जन्माष्टमी पर्व, झूला उत्सव एवं चक्रधर समारोह सहित जिले में होने वाले विभिन्न आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने रायगढ़ पुलिस ने असामाजिक और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे लोगों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार को रायगढ़ शहर में पुलिस ने सुबह भोर से ही बड़ा अभियान चलाते हुए गुंडा, निगरानी बदमाश, सजायाफ्ता एवं संदिग्ध व्यक्तियों के घरों पर दबिश दी और उन्हें थाने में हाजिर कराया।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में शहर के तीनों थाना क्षेत्रों—कोतवाली, चक्रधरनगर एवं जूटमिल—की पुलिस टीमों के साथ रिजर्व पुलिस लाइन का बल भी शामिल रहा। पुलिस टीमों ने संबंधित व्यक्तियों को उनके घरों से लाकर चक्रधरनगर थाना परिसर में सामूहिक रूप से पेश किया।
अधिकारियों ने पूछे रोजगार और आय के स्रोत
चक्रधरनगर थाना परिसर में नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा एवं सीएसपी श्री राहुल उईके ने हाजिर कराए गए व्यक्तियों से उनके वर्तमान जीवन-यापन, रोजगार तथा आय के स्रोत की जानकारी ली। अधिकारियों ने उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड एवं पूर्व के विवादों को लेकर कड़ी समझाइश देते हुए स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बदमाशों से कहा कि वे अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटें और मेहनत-मजदूरी अथवा वैध रोजगार के माध्यम से शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत करें। पुलिस उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखेगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
अब हर महीने थाने में देनी होगी हाजिरी
नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा ने स्पष्ट किया कि निगरानी सूची में शामिल व्यक्तियों को अब नियमित रूप से संबंधित थाने में उपस्थित होकर हाजिरी देनी होगी। इसके साथ ही उन्हें अपने जीवन-यापन एवं आय के स्रोत की जानकारी भी पुलिस को देनी होगी।
पुलिस का यह कदम आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अपराध की पुनरावृत्ति रोकने और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।
अच्छे आचरण वालों को निगरानी सूची से हटने का रास्ता भी बताया
सामूहिक पेशी के दौरान कुछ पुराने गुंडा एवं निगरानी बदमाशों ने पुलिस अधिकारियों के सामने यह बात रखी कि उनके विरुद्ध लंबे समय से कोई शिकायत अथवा आपराधिक गतिविधि नहीं है और उनका नाम निगरानी सूची से हटाया जाए।
इस पर सीएसपी श्री राहुल उईके ने उन्हें बताया कि यदि किसी व्यक्ति का आचरण लंबे समय से अच्छा है और वह अपराध से दूर रह रहा है, तो संबंधित थाने में नियमानुसार आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है। आवेदन एवं उपलब्ध रिकॉर्ड की समीक्षा के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस किसी व्यक्ति को बेवजह परेशान नहीं करती। निगरानी और कार्रवाई आपराधिक रिकॉर्ड, गतिविधियों एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर की जाती है। साथ ही अपराध से दूर रहने वाले व्यक्तियों को समाज की मुख्यधारा में लौटने का अवसर भी दिया जाता है।
त्योहारों में हुड़दंग और नशाखोरी करने वालों पर रहेगी पैनी नजर
आगामी दिनों में जन्माष्टमी, झूला उत्सव एवं चक्रधर समारोह जैसे आयोजनों के चलते शहर में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं पूर्व में विवाद वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे झगड़ा-विवाद, हुड़दंग, नशाखोरी अथवा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि से पूरी तरह दूर रहें। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति या अवैध गतिविधि दिखाई देती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले नागरिक की पहचान गोपनीय रखने की बात पुलिस ने कही है।
तीनों थानों के 58 गुंडा-निगरानी बदमाश कराए गए हाजिर
रायगढ़ शहर में हुई इस कार्रवाई के दौरान कुल 58 गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को थाना परिसर में हाजिर कराया गया।
कोतवाली थाना क्षेत्र – 16 गुंडा बदमाश
चक्रधरनगर थाना क्षेत्र – 23 गुंडा/निगरानी बदमाश
जूटमिल थाना क्षेत्र – 19 गुंडा/निगरानी बदमाश
इस प्रकार कुल 58 व्यक्तियों की सामूहिक पेशी कर पुलिस अधिकारियों ने उन्हें अपराध से दूर रहने की सख्त हिदायत दी।
जेल से छूटने वालों पर भी रहेगी निगरानी
नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि जो निगरानी बदमाश वर्तमान में क्षेत्र से बाहर हैं अथवा जेल में निरुद्ध हैं, उनकी भी लगातार तस्दीक की जाए।
जेल से रिहा होने वाले व्यक्तियों की तत्काल जानकारी लेकर उन्हें संबंधित थाने में बुलाकर आवश्यक समझाइश देने तथा उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा आगामी त्योहारों के दौरान संवेदनशील इलाकों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और पूर्व में विवाद वाले क्षेत्रों में विशेष पुलिस निगरानी रखने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
एसएसपी का सख्त संदेश—शहर की शांति से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
रायगढ़ एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था एवं शांति से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोग स्वयं को अपराध से दूर रखें और समाज की मुख्यधारा में रहकर शांतिपूर्ण जीवन-यापन करें।
उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि किसी ने कानून हाथ में लेने अथवा शहर की शांति भंग करने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आगामी त्योहारों को देखते हुए रायगढ़ पुलिस पूरी तरह सतर्क है और असामाजिक एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस का यह अभियान आने वाले त्योहारों के दौरान शहर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।