राजा शंकर शाह एवं कुँवर रघुनाथ शाह का बलिदान दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया
18 सितंबर 2026
नर्मदांचल विद्यापीठ, बरगांव में आज महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी राजा शंकर शाह एवं कुँवर रघुनाथ शाह का बलिदान दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों को दोनों महान वीरों के जीवन, संघर्ष, देशभक्ति एवं मातृभूमि के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान की प्रेरणादायी गाथा से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता तथा राजा शंकर शाह एवं कुँवर रघुनाथ शाह जी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन, तिलक एवं वंदन के साथ किया गया। उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने महान वीरों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके त्याग और बलिदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मार्गदर्शक के रूप में डॉ. हरि शंकर मरकाम जी, उपाध्यक्ष, जनजाति कल्याण केन्द्र, महाकौशल, जबलपुर; विभागाध्यक्ष, दंत चिकित्सा विभाग, नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज, जबलपुर तथा मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) के सदस्य का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
इसी क्रम में डॉ. तापु मोहंती जी, समाजसेवी एवं निदेशक, कृष्ण राव इंडस्ट्रीज, जबलपुर; श्री सतीश चौबे जी, श्री वीरेंद्र तिवारी जी एवं श्री धरम सिंह मरावी जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राजा शंकर शाह एवं कुँवर रघुनाथ शाह के अदम्य साहस, राष्ट्रप्रेम और मातृभूमि के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने भी वीर शहीदों के जीवन एवं बलिदान के बारे में जानकारी प्राप्त की और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में नर्मदांचल विद्यापीठ, बरगांव के समस्त शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता रही। विद्यालय परिवार ने महान वीरों को नमन करते हुए उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने और आने वाली पीढ़ियों तक उनकी गौरवगाथा पहुँचाने का संकल्प लिया।
“वीरों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है,
उनकी गौरवगाथा हमारी आने वाली पीढ़ियों की प्रेरणा है।”
नर्मदांचल विद्यापीठ, बरगांव
शाहपुरा, जिला डिंडोरी (म.प्र.)