ग्राम पंचायत लिम्हा में अधूरी नाली निर्माण एवं जलभराव की समस्या
16 सितंबर 2026
साइंस वाणी न्यूज़ तखतपुर ग्राम पंचायत लिम्हा में नाली का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है, जिसके कारण सभी ग्रामीणों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
नाली न होने से घरों का गंदा पानी रास्तों पर जमा हो रहा है, जिससे कीचड़, बदबू और मच्छरों के प्रकोप के कारण बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। संलग्न तस्वीरों में इस समस्या की गंभीर स्थिति को साफ देखा जा सकता है।
संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत गंभीर समस्या पर संज्ञान लेते हुए नाली निर्माण का कार्य जल्द से जल्द पूरा करवाये जाने का ग्रामीणो ने बात कही
ग्राम पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों को अवगत किया जा रहा कि ग्राम पंचायत लिम्हा में विकास कार्यों की पोल खुलती हुई एक अत्यंत गंभीर समस्या बनी हुई है।
गांव में नाली का निर्माण कार्य लंबे समय से या तो अधूरा छोड़ दिया गया है या प्रारंभ ही नहीं हो पाया है, जिसके कारण समस्त ग्रामीणों को नारकीय जीवन जीने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
इस गंभीर समस्या के प्रमुख बिंदु निम्नलिखित हैं:
घरों के गंदे पानी का सड़कों पर जलभराव: नाली की मुकम्मल व्यवस्था न होने के कारण रसोई और स्नानघर का गंदा पानी सीधे मुख्य रास्तों और गलियों में बह रहा है, जिससे पूरा रास्ता तालाब में तब्दील हो चुका है।
बीमारियों का भयंकर खतरा: रास्ते पर जमा इस सड़े हुए गंदे पानी और कीचड़ के कारण मच्छरों, मक्खियों और खतरनाक कीटाणुओं का प्रकोप चरम पर है। इससे गांव में मलेरिया, डेंगू, टाइफाइड और डायरिया जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारियां फैलने का प्रबल खतरा मंडरा रहा है।
आगमन में भारी कठिनाई: छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का इस कीचड़युक्त रास्ते से निकलना दूभर हो गया है। कई बार लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं।
सड़कों का जर्जर होना: जलभराव के लगातार बने रहने से पक्की और कच्ची सड़कें तेजी से कटकर बर्बाद हो रही हैं, जिससे शासन के पैसों की बर्बादी साफ देखी जा सकती है।
संलग्न तस्वीरों में आप इस स्थिति की भयावहता को स्वयं देख सकते हैं कि किस प्रकार नाली न होने से पूरा क्षेत्र बदहाली के आंसू रो रहा है।
समस्त पीड़ित ग्रामीण प्रशासनिक अधिकारियों, जिला प्रशासन एवं ग्राम पंचायत इस जनसमस्या को तत्काल संज्ञान में लें। इस स्थल का मुआयना करवाकर युद्धस्तर पर नाली निर्माण का कार्य शुरू करवाया जाए, ताकि ग्रामीणों को इस दयनीय स्थिति से मुक्ति मिल सके।
यदि समय रहते इस पर उचित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो ग्रामीणों को विवश होकर उच्च कार्यालयों में लिखित जानकारी देने कि बात ग्रामीणो ने कही
ब्लॉक संवाददाता
उमेश कुमार कैवर्त
।