केलो परियोजना के नहर निर्माण में आएगी तेजी, बनेगा एक्शन प्लानभू-अर्जन और मुआवजा प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश, किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा समाधान
25 सितंबर 2026
संवाददाता - संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़ रायगढ़
रायगढ़, 24 सितंबर 2026। केलो परियोजना के तहत नहर निर्माण कार्य को गति देने और किसानों को जल्द सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने निर्माण कार्यों की समीक्षा शुरू कर दी है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर केलो परियोजना के नहर निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए एक्शन प्लान तैयार कर माहवार लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि केलो परियोजना के माध्यम से किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचने से कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने नहर निर्माण से संबंधित लंबित भू-अर्जन एवं मुआवजा प्रकरणों को प्राथमिकता से लेते हुए समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
ग्रामवार और किसानवार तैयार होगी सूची
बैठक में कलेक्टर ने नहर निर्माण से जुड़े लंबित मुआवजा प्रकरणों की ग्रामवार एवं किसानवार सूची तैयार करने को कहा। इससे प्रत्येक प्रकरण की स्थिति की समीक्षा कर उसके निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि नहर निर्माण को लेकर यदि किसी किसान को किसी प्रकार की समस्या या आपत्ति है तो संबंधित अधिकारी किसानों से सीधे संवाद करें और उनकी वास्तविक समस्या को समझकर समाधान का प्रयास करें। निर्माण विभाग एवं प्रशासन के अधिकारियों को प्रभावित किसानों से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
जहां बाधा नहीं, वहां तत्काल शुरू हो निर्माण
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन स्थानों पर नहर निर्माण में किसी प्रकार की बाधा नहीं है, वहां निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित माहवार लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।
केलो परियोजना के नहर निर्माण से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पानी की बेहतर उपलब्धता मिलने की उम्मीद है। इससे खेती को मजबूती मिलने के साथ फसल उत्पादन में वृद्धि और किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की संभावना है।
बैठक में अपर कलेक्टर रवि राही, एसडीएम रायगढ़ महेश शर्मा, तहसीलदार पुसौर सहित जल संसाधन विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।