ऑपरेशन क्लीन हंट में घरघोड़ा पुलिस की कार्रवाईजातिसूचक गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
06 सितंबर 2026
संवाददाता - संतोष कुमार चौहान
साइंस वाडी न्यूज रायगढ़
रायगढ़, 6 सितंबर। जिले में फरार आरोपियों एवं वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जातिसूचक एवं अश्लील गाली-गलौज, मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 15 फरवरी 2026 को 32 वर्षीय स्थानीय युवक ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 14 फरवरी की रात करीब 8:30 से 9 बजे वह अपने पिकअप वाहन से घरघोड़ा से जामपाली की ओर लेबर छोड़ने जा रहा था। कंचनपुर के पास उसके वाहन के पीछे चल रहे घरघोड़ा निवासी तारिख अनवर उर्फ मोनू खान द्वारा लगातार कार का हॉर्न बजाया जा रहा था।
रास्ता सकरा होने के कारण तत्काल रास्ता नहीं मिलने पर आरोपी ने कथित रूप से अपनी कार पिकअप वाहन के सामने अड़ाकर उसे रोक दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने प्रार्थी को वाहन से खींचकर नीचे उतारा और जातिसूचक एवं अश्लील गाली-गलौज करते हुए लात-मुक्का और थप्पड़ से मारपीट की। विरोध करने पर आरोपी द्वारा दोबारा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 49/2026 दर्ज कर धारा 296, 351(3), 115(2) बीएनएस के तहत विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान आहत द्वारा अपना जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया गया। पुलिस जांच में जातिसूचक गाली-गलौज, मारपीट एवं धमकी का आरोप पाए जाने पर प्रकरण में अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की संबंधित धाराओं का विस्तार किया गया।
मामले की विवेचना एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी द्वारा की जा रही थी। उनके निर्देशन में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा आरोपी की लगातार पतासाजी एवं निगरानी की जा रही थी।
इसी क्रम में 4 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने तारिख अनवर उर्फ मोनू खान, पिता मोह. कासिम खान, उम्र 28 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 02, साईं राम कॉलोनी, घरघोड़ा, जिला रायगढ़ को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा घटना कारित करना स्वीकार किए जाने के बाद उसे अपराध एवं गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस द्वारा जिले में फरार आरोपियों एवं लंबित मामलों में वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी रहने की बात कही गई है।