डभरा में साइबर जागरूकता शिविर, ठगी से बचने पुलिस ने बताए सुरक्षा के उपाय
29 सितंबर 2026
सक्ती/डभरा, 28 सितंबर 2026। राज्यव्यापी साइबर जागृति अभियान के तहत थाना डभरा पुलिस द्वारा ग्राम कोटमी स्थित मंगल भवन में साइबर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सक्ती श्री प्रफुल्ल ठाकुर (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी डभरा के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में ग्रामीणों, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती कमला खड़िया, उपसरपंच श्री द्वारिका प्रसाद चौधरी, जनपद सदस्य श्रीमती मानकुंवर पटेल सहित विद्यालयों के प्राचार्य, पूर्व बीईओ, सहकारी बैंक अध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने साइबर ठगी के नए तरीकों की जानकारी देते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की। पुलिस ने बताया कि बैंक खाते से संबंधित जानकारी, एटीएम पिन, ओटीपी और पासवर्ड किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करना चाहिए। अनजान नंबरों से आने वाली APK फाइल, लॉटरी, नौकरी या KYC अपडेट संबंधी लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी गई। साथ ही व्हाट्सएप पर आने वाली अनजान या विदेशी नंबरों की वीडियो कॉल को लेकर भी सावधानी बरतने कहा गया। पुलिस ने विशेष रूप से ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर होने वाली ठगी से लोगों को सावधान किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पुलिस, CBI या ED अधिकारी बनकर वीडियो कॉल के माध्यम से डराकर पैसे मांगना साइबर फ्रॉड है।ठगी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने अथवा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई। कार्यक्रम में थाना प्रभारी राजेश पटेल सहित पुलिस टीम ने साइबर सुरक्षा एवं कानूनी जानकारी दी।