राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री प्रकाश कुमार उईके ने किया सक्ती जिले का भ्रमण*
22 सितंबर 2026
*वन अधिकार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित जनजातीय कल्याण योजनाओं की समीक्षा*
साइंस वाणी न्यूज़ को प्राप्त जानकारी के अनुसार सक्ती, 22 सितम्बर 2026// राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग, नई दिल्ली के माननीय सदस्य श्री प्रकाश कुमार उईके, वरिष्ठ सलाहकार-सह-एपीएस के विगत दिवस सक्ती जिला आगमन पर सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास जिला सक्ती सुश्री स्वप्निता सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती विद्या सिदार एवं श्री कुमार तीर्थ बुद्ध द्वारा उनका स्वागत किया गया। तत्पश्चात श्री उईके द्वारा जिले में अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों, विशेष रूप से वन अधिकार, जनजातीय बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनजातीय कल्याण से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस अवसर पर कलेक्टोरेट सभाकक्ष, सक्ती में श्री प्रकाश कुमार उईके, वरिष्ठ सलाहकार-सह-एपीएस की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वन अधिकार से संबंधित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार वन अधिकारों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सरपंचों एवं सचिवों से ग्राम स्तर पर अनुसूचित जनजाति समुदाय से संबंधित समस्याओं एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली गई।
भ्रमण के दौरान आयोग के दल द्वारा जिले में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का निरीक्षण भी किया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य एवं साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। आयोग के सदस्य श्री प्रकाश कुमार उईके, वरिष्ठ सलाहकार-सह-एपीएस द्वारा छात्रावास व आश्रमों के बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं नियमित अध्ययन पर विशेष ध्यान देने के साथ ही उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। विद्यालय एवं छात्रावास परिसर में नियमित साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, गुणवत्तापूर्ण भोजन तथा स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। उन्होंने जनजातीय बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने तथा उनके सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने अनुसूचित जनजाति समुदाय के हित में संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। समीक्षा बैठक के समापन अवसर पर सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास जिला सक्ती सुश्री स्वप्निता सिंह ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, सचिवों एवं अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के माननीय सदस्य श्री प्रकाश कुमार उईके एवं आयोग के दल द्वारा जिले में आगमन तथा महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही बैठक में दिए गए निर्देशों का गंभीरतापूर्वक पालन करते हुए जनजातीय हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने की बात कही। बैठक में भारतीय आदिम जाति स्पोर्ट्स-संघ अध्यक्ष श्री जितेन्द्र नरसिंह राणा, सचिव छ.ग. राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग रायपुर श्री पवन कुमार नेताम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती विद्या सिदार, अपर कलेक्टर श्री बीरेन्द्र लकड़ा, सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग सुश्री स्वप्निता सिंह सहित संबंधित अधिकारीगण, सदस्यगण, ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिव उपस्थित रहे।
साइंस वाणी न्यूज़ शक्ति से संवाददाता अशोक जायसवाल की रिपोर्ट