स्वस्थ कल के लिए आयुर्वेद का संदेश, संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने बताए स्वस्थ जीवनशैली के उपायआयुर्वेद दिवस पर रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में हुआ आयोजन, उत्कृष्ट प्रतिभागियों का सम्मान
25 सितंबर 2026
संवाददाता - संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़ रायगढ
रायगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयुष विभाग रायगढ़ एवं रायगढ़ मेडिकल कॉलेज ऑफ आयुर्वेदा के संयुक्त तत्वावधान में ‘स्वस्थ कल के लिए आयुर्वेद’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। आयुर्वेद कॉलेज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने बदलती जीवनशैली के बीच आयुर्वेद की उपयोगिता और स्वस्थ जीवन के लिए इसकी भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि आयुर्वेद देश की प्राचीन और समृद्ध चिकित्सा परंपरा है, जिसकी उपयोगिता आज भी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए केवल बीमारी का उपचार ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि संतुलित खान-पान, नियमित दिनचर्या और स्वस्थ जीवनशैली भी जरूरी है। आयुर्वेद प्रकृति के अनुरूप जीवन जीने की सीख देता है।
महापौर ने दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली आयुर्वेदिक औषधियों एवं घरेलू उपचारों की जानकारी साझा करते हुए इनके उचित उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ‘स्वस्थ कल के लिए आयुर्वेद’ का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए। कार्यक्रम में सभापति श्री डिग्रीलाल साहू एवं श्री मुक्तिनाथ भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. योगा नरसिम्हा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयोजित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने आयुर्वेद आधारित जीवनशैली के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को दी व्यावहारिक जानकारी
संगोष्ठी में आयुष विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों डॉ. देवाशीष राय चौधरी, डॉ. विभा पटवर्धन, डॉ. संतोष गुप्ता एवं डॉ. विजय लक्ष्मी चन्द्रा ने पीपीटी के माध्यम से विद्यार्थियों को वर्तमान समय में होने वाली विभिन्न बीमारियों, उनके कारणों तथा आयुर्वेदिक चिकित्सा से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी। विशेषज्ञों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और आयुर्वेद की उपयोगिता को समझने पर जोर दिया।
प्रभारी जिला आयुष अधिकारी डॉ. कुणाल पटेल ने सेवा संकल्प अभियान एवं राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के तहत जिले में आयोजित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, आयुर्वेदिक पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिता, फूड स्टॉल, स्वास्थ्य जागरूकता रैली और नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों ने प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं कॉलेज प्राचार्य द्वारा अतिथियों का शाल एवं श्रीफल से सम्मान किया गया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं कॉलेज के शिक्षकगण मौजूद रहे।