-->
शासकीय भूमि के फर्जी अंतरण मामले में रजिस्ट्री गवाह गिरफ्तारऑपरेशन क्लीन हंट के तहत कापू पुलिस की कार्रवाई, तत्कालीन पटवारी के बाद अगस्तुस खलखो को भेजा न्यायिक रिमांड पर

शासकीय भूमि के फर्जी अंतरण मामले में रजिस्ट्री गवाह गिरफ्तारऑपरेशन क्लीन हंट के तहत कापू पुलिस की कार्रवाई, तत्कालीन पटवारी के बाद अगस्तुस खलखो को भेजा न्यायिक रिमांड पर

संवाददाता - संतोष कुमार चौहान 
साइंस वाणी न्यूज़ रायगढ़ 

रायगढ़, 24 सितंबर। जिले में फरार आरोपियों एवं फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत कापू पुलिस को शासकीय भूमि के फर्जी अंतरण मामले में एक और सफलता मिली है। तत्कालीन पटवारी राकेश साय की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले में फर्जी रजिस्ट्री के अनुप्रमाणक साक्षी रहे अगस्तुस खलखो (43 वर्ष), निवासी पोराडाही, थाना धरमजयगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को तहसीलदार कापू उन्मेश पटेल द्वारा थाना कापू में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में ग्राम पंचायत रायमेर की शासकीय भूमि के विभिन्न खसरों में कूटरचना कर खसरा बंटाकन एवं राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर करने तथा बाहरी व्यक्तियों के नाम पर फर्जी पट्टा तैयार कर बाद में दलालों के माध्यम से जमीन की रजिस्ट्री कराए जाने का आरोप सामने आया था।
जांच के दौरान शासकीय भूमि के कुछ हिस्सों को तत्कालीन पटवारी राकेश साय द्वारा निजी व्यक्तियों के नाम पर दर्ज किए जाने तथा बाद में कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर अन्य व्यक्तियों को अंतरित किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद तत्कालीन पटवारी राकेश साय, मुक्तारधारी कैलाश कुमार जेठवानी उर्फ सोनी, विक्रेता उजितराम, अनुप्रमाणक साक्षी अगस्तुस खलखो एवं लालबहादुर यादव के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।
एसडीएम धरमजयगढ़ के निर्देश एवं तहसीलदार कापू के जांच प्रतिवेदन के आधार पर थाना कापू में अपराध क्रमांक 131/2026 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 एवं 120(बी) भादवि में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पहले पटवारी की हुई थी गिरफ्तारी
मामले की विवेचना के दौरान थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की के नेतृत्व में पुलिस ने 2 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर फरार आरोपी तत्कालीन पटवारी राकेश साय (45 वर्ष), निवासी सिविल लाइन धरमजयगढ़ को ग्राम गनपतपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लैपटॉप एवं प्रिंटर भी जब्त किए थे।
रजिस्ट्री कार्यालय में मौजूद होकर दस्तावेजों पर किए थे हस्ताक्षर
अन्य फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस ने अगस्तुस खलखो को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कैलाश जेठवानी उर्फ सोनी के कहने पर इस मामले में शामिल हुआ था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने ग्राम रायमेर की शासकीय भूमि की रजिस्ट्री के दौरान तत्कालीन पटवारी राकेश साय, कैलाश जेठवानी उर्फ सोनी एवं लालबहादुर यादव के साथ 20 अक्टूबर 2022 को रजिस्ट्री कार्यालय धरमजयगढ़ में उपस्थित होकर आधार कार्ड जमा करने तथा रजिस्ट्री दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने की बात स्वीकार की है।
आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने कैलाश जेठवानी उर्फ सोनी से बातचीत में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है। विवेचना में अगस्तुस खलखो के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है तथा प्रकरण की विवेचना भी लगातार की जा रही है।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article