गौ माता के इलाज और पशु संरक्षण की मांग को लेकर गौभक्तों ने सौंपा ज्ञापनविधायक गोमती साय एवं एसडीएम क्षितिज गुरभेले को सौंपा ज्ञापन, पशु अस्पताल व अधिकृत कांजी हाउस में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग
27 सितंबर 2026
संवाददाता - संतोष कुमार चौहान
साइंस वाडी न्यूज़ पत्थलगांव
पत्थलगांव। बेसहारा, घायल एवं असहाय पशुओं की बेहतर देखभाल और समय पर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर श्री राम युवा संगठन (वानर सेना), पत्थलगांव के गौभक्तों ने क्षेत्रीय विधायक गोमती साय एवं पत्थलगांव एसडीएम क्षितिज गुरभेले को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से पशु अस्पताल एवं नगर पालिका के अधिकृत कांजी हाउस में पशुओं के उपचार, संरक्षण और देखभाल के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।
गौभक्तों ने अधिकारियों के समक्ष घायल नंदी बाबा के उपचार का मामला भी प्रमुखता से रखा। बताया गया कि गंभीर रूप से घायल नंदी बाबा को रेस्क्यू कर उपचार की व्यवस्था की गई थी। उपचार के दौरान विशेषज्ञ टीम ने लिफ्टर मशीन सहित आवश्यक संसाधनों की जरूरत बताई। इसी अनुभव को देखते हुए संगठन ने भविष्य में गंभीर रूप से घायल पशुओं के उपचार के लिए स्थायी संसाधन उपलब्ध कराने की मांग रखी।
पशु अस्पताल में इन सुविधाओं की मांग
ज्ञापन में गंभीर रूप से घायल एवं उठने में असमर्थ पशुओं के लिए लिफ्टर मशीन, सड़क पर पशुओं की दृश्यता बढ़ाने के लिए लगभग 300 रेडियम बेल्ट, पर्याप्त संख्या में नाद/कोटना, चारा-दाना तथा धूप और बारिश से बचाव के लिए उपयुक्त शेड उपलब्ध कराने की मांग की गई।
इसके अलावा घायल एवं बीमार पशुओं के तत्काल उपचार के लिए पर्याप्त दवाइयां एवं आवश्यक चिकित्सा सामग्री उपलब्ध रखने तथा घायल पशुओं को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस अथवा उपयुक्त वाहन की व्यवस्था करने की मांग भी रखी गई।
कांजी हाउस की व्यवस्था सुधारने की मांग
नगर पालिका के अधिकृत कांजी हाउस में भी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसमें प्रत्येक पशु की पहचान एवं रिकॉर्ड के लिए आधार नंबर/ईयर टैग की व्यवस्था, पशु मालिकों पर नियमानुसार कार्रवाई, बिजली एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, चारा-दाना तथा नियमित देखभाल शामिल है।
गौभक्तों ने घायल एवं बीमार पशुओं के लिए 24×7 पशु चिकित्सा सुविधा और आपातकालीन उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही कांजी हाउस परिसर की नियमित साफ-सफाई, स्वच्छता, रोग-रोकथाम एवं सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।
कांजी हाउस के सामने मैदान में घेराबंदी की मांग
ज्ञापन में कांजी हाउस के सामने स्थित मैदान में मजबूत बाउंड्री अथवा घेराबंदी कराने की मांग भी रखी गई, ताकि पशुओं को सुरक्षित रूप से खुले स्थान में चरने की सुविधा मिल सके और उनकी निगरानी भी की जा सके।
खराब रास्ते को दुरुस्त कराने की मांग
गौभक्तों ने कांजी हाउस तक पशुओं और रेस्क्यू वाहनों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए खराब मार्ग की मरम्मत कराने की मांग भी की। उनका कहना है कि रास्ता बेहतर होने से घायल अथवा बीमार पशुओं को समय पर कांजी हाउस या पशु अस्पताल तक पहुंचाया जा सकेगा।
विधायक और एसडीएम ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
ज्ञापन सौंपते समय गौभक्तों ने पशु संरक्षण से जुड़ी समस्याओं और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखी। विधायक गोमती साय एवं एसडीएम क्षितिज गुरभेले ने ज्ञापन में रखी गई मांगों पर आवश्यक कार्रवाई एवं व्यवस्थाएं पूर्ण कराने का आश्वासन दिया।
गौभक्तों ने कहा कि पशु संरक्षण का उद्देश्य केवल घायल पशुओं का उपचार करना नहीं, बल्कि बेसहारा एवं असहाय पशुओं के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित और मानवीय प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित करना भी है। सड़क दुर्घटना, बीमारी अथवा अन्य कारणों से घायल होने वाले पशुओं को समय पर उपचार मिल सके, इसके लिए पशु अस्पताल, कांजी हाउस, रेस्क्यू व्यवस्था और आवश्यक संसाधनों को मजबूत किया जाना जरूरी है।
ये गौभक्त रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने वालों में पवन अग्रवाल, ज्ञानेश ओझा, गुलशन पांडे, राहुल शर्मा, कृष्णा यादव, सोनू यादव एवं शुभम बंसल सहित अन्य गौभक्त मौजूद रहे।