चिरईपानी में ‘आंगन मिलन सेवा’ का आयोजन, मुनगा रोपण के साथ दिया पोषण और स्वास्थ्य का संदेशआंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों का हुआ सम्मान, बच्चों ने कहानी प्रतियोगिता व बाल गीत में दिखाई प्रतिभा
27 सितंबर 2026
संवाददाता - संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़ रायगढ़
रायगढ़, 27 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में सेवा, जनभागीदारी और जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 26 सितंबर को सेक्टर किरोड़ीमल के आंगनबाड़ी केंद्र चिरईपानी में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच एवं उपसरपंच मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में मुनगा के पौधे रोपकर की गई। इस दौरान मुनगा के पोषण महत्व की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को अपने घरों में भी मुनगा के पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
आंगन मिलन सेवा के दौरान पौष्टिक थाली के माध्यम से संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों को बताया गया कि स्वस्थ जीवन के लिए दैनिक आहार में विभिन्न पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों को शामिल करना आवश्यक है। बच्चों और महिलाओं के पोषण पर विशेष ध्यान देने के लिए भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों के लिए कहानी प्रतियोगिता एवं बाल गीत का आयोजन किया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों के सेवा योगदान को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें नारियल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर बच्चों के लिए नेवता भोज का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पोषण शपथ लेकर बच्चों और परिवारों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।
आंगन मिलन सेवा के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान के तहत पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश लोगों तक पहुंचाने के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र को समुदाय से जोड़ने की पहल की गई।