सेवा संकल्प अभियान में ग्रामीणों ने किया श्रमदान, स्वच्छता का दिया संदेशतालाब घाट, कुएं, यात्री प्रतीक्षालय और रॉक गार्डन की हुई साफ-सफाई
27 सितंबर 2026
संवाददाता - संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़ रायगढ़
रायगढ़, 27 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा-2026 के अंतर्गत विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में सामूहिक श्रमदान एवं स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कलेक्टर के निर्देश एवं सीईओ जिला पंचायत के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक एवं पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया।
इसी क्रम में जनपद पंचायत तमनार की ग्राम पंचायत बरकसपाली में तालाब घाट की साफ-सफाई की गई। ग्राम पंचायत सरसमाल में पेयजल कुएं की सफाई तथा कोड़केल में यात्री प्रतीक्षालय परिसर में सामूहिक श्रमदान किया गया। वहीं विकासखंड खरसिया की ग्राम पंचायत बोतल्दा एवं बिलासपुर में भी श्रमदान और स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं।
बोतल्दा स्थित रॉक गार्डन में ग्रामीणों एवं स्थानीय सहभागियों ने श्रमदान कर पर्यटन स्थल की साफ-सफाई की। इस दौरान लोगों को सार्वजनिक एवं पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने, कचरे का उचित निपटान करने तथा आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुंदर रखने के लिए प्रेरित किया गया।
जनभागीदारी से आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छ पर्यटन स्थल, स्वच्छ गांव और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। ग्रामीणों ने भी स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई में निरंतर सहयोग देने का संकल्प लिया।