-->
बनेकेला में हाथियों का आतंक, खेतों में डेरा जमाए झुंड से ग्रामीणों में दहशत

बनेकेला में हाथियों का आतंक, खेतों में डेरा जमाए झुंड से ग्रामीणों में दहशत



संवाददाता – संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़, लैलूंगा

लैलूंगा। विकासखंड लैलूंगा क्षेत्र के ग्राम बनेकेला में हाथियों के झुंड के खेतों में पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। खेतों में हाथियों की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों को अपनी सुरक्षा के साथ-साथ फसलों के नुकसान की भी चिंता सताने लगी है। हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है।
हाथियों से दूरी बनाए रखना जरूरी
हाथियों का झुंड दिखाई देने पर ग्रामीणों को भीड़ लगाकर उनके करीब जाने, उन्हें घेरने या भगाने का प्रयास नहीं करना चाहिए। हाथियों पर पत्थर फेंकना, पटाखे चलाना अथवा किसी अन्य तरीके से उन्हें उकसाना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। ग्रामीण सुरक्षित दूरी बनाए रखें और हाथियों के आने-जाने के रास्ते में जाने से बचें।
फोटो-वीडियो बनाने के लिए न जाएं करीब
हाथियों को देखने अथवा उनका फोटो और वीडियो बनाने के लिए उनके पास जाना जानलेवा हो सकता है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे हाथियों का पीछा न करें और न ही अकेले उनके करीब जाने का जोखिम उठाएं। विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में जाने से रोकें।
फसल और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता
खेतों में हाथियों के पहुंचने से ग्रामीणों में फसल नुकसान को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। हाथियों की गतिविधि नजर आने पर ग्रामीण तत्काल स्थानीय वन अमले अथवा संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक सुरक्षा एवं नियंत्रण संबंधी कदम उठाए जा सकें।
जान है तो जहान है—सुरक्षा को दें प्राथमिकता
ग्रामीणों से अपील है कि हाथियों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें और उन्हें गांव की ओर खदेड़ने का प्रयास भी न करें। हाथियों को शांतिपूर्वक रास्ता देना ही सबसे सुरक्षित उपाय है। अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।


Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article