मतदाता सूची में नाम जोड़ने 10 अक्टूबर तक विशेष शिविरचारों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर तीन दिवसीय अभियान, 17 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं से भी लिए जा रहे अग्रिम आवेदन
08 अक्टूबर 2026
संवाददाता : संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़, रायगढ़
रायगढ़, 8 अक्टूबर 2026। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं अद्यतन बनाने तथा छूटे हुए पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं का पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए रायगढ़ जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर 8 से 10 अक्टूबर तक तीन दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान को लेकर सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया है। विशेष शिविरों के माध्यम से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने का अवसर दिया जा रहा है।
फॉर्म-6 के माध्यम से जुड़ रहा मतदाता सूची में नाम
विशेष शिविरों में पात्र नागरिक मतदान केंद्र पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 जमा कर रहे हैं। इसके अलावा 17 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे छात्र-छात्राओं से भी अग्रिम आवेदन लिए जा रहे हैं, जो वर्ष 2027 में 18 वर्ष की आयु पूरी करेंगे।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर की चार अर्हता तिथियों के अनुसार पात्र युवा ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से अग्रिम फॉर्म-6 जमा कर सकते हैं।
स्कूल-कॉलेजों में भी चल रहा विशेष पंजीयन अभियान
जिले के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के शासकीय एवं निजी स्कूलों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के माध्यम से भी विशेष पंजीयन अभियान चलाया जा रहा है। संबंधित संस्थानों के प्राचार्यों एवं ईएलसी समन्वयकों द्वारा क्षेत्र के बीएलओ के साथ समन्वय कर पात्र विद्यार्थियों के फॉर्म-6 भरवाए जा रहे हैं।
बीएलओ घर-घर पहुंचकर कर रहे सत्यापन
अभियान के दौरान बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाता सूची में विलोपित प्रविष्टियों का सत्यापन भी किया जा रहा है। इसके साथ ही छूटे हुए पात्र नागरिकों और नए मतदाताओं की पहचान कर उनका पंजीयन कराया जा रहा है।
मतदान केंद्रों पर पंजीयन एवं सत्यापन कार्य की निगरानी अभिहित अधिकारियों द्वारा की जा रही है। प्राप्त आवेदनों एवं मैदानी सत्यापन की रिपोर्ट संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) को उपलब्ध कराई जा रही है।
जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा अभियान की नियमित निगरानी की जा रही है। शिविरों में प्राप्त फॉर्म-6, घर-घर सर्वे से मिले आवेदनों और कुल पंजीकरण की दैनिक प्रगति दर्ज की जा रही है। साथ ही मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के साथ प्राप्त आवेदनों की सूची भी साझा की जा रही है।
नागरिकों से विशेष शिविर का लाभ उठाने की अपील
जिला प्रशासन ने जिले के नागरिकों एवं युवाओं से अपील की है कि वे 10 अक्टूबर तक अपने नजदीकी मतदान केंद्र अथवा शैक्षणिक संस्थान में चल रहे विशेष शिविर में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने का लाभ उठाएं। पात्र युवा समय पर पंजीयन कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।