सेवा संकल्प की पहल: दिव्यांग हिमेश को मिली मोटराइज्ड ट्राईसाईकिल, शिक्षा की राह हुई आसान
08 अक्टूबर 2026
संवाददाता : संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़, रायगढ़
रायगढ़, 7 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत समाज कल्याण विभाग रायगढ़ द्वारा दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके आवागमन को सुगम करने की दिशा में लगातार पहल की जा रही है। इसी क्रम में जनपद पंचायत रायगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत उसरौट निवासी दिव्यांग युवक हिमेश कुमार पटेल को मोटराइज्ड ट्राईसाईकिल प्रदान की गई।
मोटराइज्ड ट्राईसाईकिल मिलने से हिमेश के लिए अब घर से बाहर आने-जाने के साथ विद्यालय जाकर अपनी पढ़ाई जारी रखना पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है। इससे पहले उन्हें आवागमन के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। अब वे अधिक स्वतंत्रता और आत्मविश्वास के साथ अपने दैनिक कार्यों के साथ-साथ शिक्षा से जुड़ी गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग ले सकेंगे।
आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा एक कदम
सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद एवं पात्र हितग्राहियों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाकर उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है। हिमेश को मिली मोटराइज्ड ट्राईसाईकिल इसी उद्देश्य का एक सार्थक उदाहरण है।
यह सहायता हिमेश के लिए महज आवागमन का साधन नहीं है, बल्कि शिक्षा जारी रखने, आत्मविश्वास बढ़ाने और भविष्य के सपनों को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
मोटराइज्ड ट्राईसाईकिल मिलने पर हिमेश कुमार पटेल और उनके परिवार ने सहयोग एवं सहायता के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। परिवार ने उम्मीद जताई कि इस सुविधा से हिमेश की पढ़ाई और दैनिक जीवन की गतिविधियों में आत्मनिर्भरता और बढ़ेगी।