हसौद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो जुआ फड़ों पर दबिश, 6 आरोपी गिरफ्तार
05 अक्टूबर 2026
साइंस वाणी न्यूज़ को प्राप्त जानकारी के अनुसार सक्ती। जिले में अवैध जुआ एवं सट्टा गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना हसौद पुलिस ने 4 अक्टूबर 2026 को दो अलग-अलग जुआ प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए कुल 6 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से ₹6,240 नगद, 52 पत्ती ताश, तीन मोटरसाइकिल, अधजली मोमबत्ती एवं प्लास्टिक बोरी सहित कुल ₹1,16,840 से अधिक का सामान जब्त किया है।पहली कार्रवाई ग्राम नरियरा में मुखबिर की सूचना पर की गई। यहां 52 पत्ती ताश से काटपत्ती नामक जुआ खेलते हुए टेकराम बंजारे और ईमानदार साहू को पकड़ा गया। मौके से कुल ₹1,300 नगद एवं 52 पत्ती ताश जब्त किए गए। मामले में अपराध क्रमांक 187/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई।दूसरी कार्रवाई ग्राम डोमाडीह में की गई, जहां निर्मल केंवट, उमाशंकर यादव, लखन लाल टण्डन और राजकुमार साहू को जुआ खेलते गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के फड़ एवं पास से ₹5,540 नगद बरामद हुए। इसके अलावा तीन मोटरसाइकिलें—सुपर स्प्लेंडर, TVS राइडर और प्लेटिना—भी जब्त की गईं। वाहनों की कुल अनुमानित कीमत ₹1.10 लाख बताई गई है।पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 187/2026 एवं 188/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सक्ती श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल एवं एसडीओपी चंद्रपुर (डभरा) श्री सुमित गुप्ता के दिशा-निर्देशन तथा थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में आरक्षक कमलेश धारिया, संदीप नांग, राजेश यादव, पदुम चन्द्रा एवं गंगाराम यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
साइंस वाणी न्यूज़
सक्ती से संवाददाता अशोक जायसवाल की रिपोर्ट