कैथा में महिला की निर्मम हत्या से सनसनी, पड़ोसी पर आरोप; वारदात के बाद आरोपी फरार
24 अक्टूबर 2026
कैथा में महिला की निर्मम हत्या से सनसनी, पड़ोसी पर आरोप; वारदात के बाद आरोपी फरार
बिर्रा/सक्ती। सक्ती जिले के हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कैथा के धनवारपारा में गुरुवार 22 अक्टूबर की रात एक महिला की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान लक्ष्मीबाई विश्वकर्मा (लगभग 45 वर्ष), पति सारागीहां के रूप में हुई है। परिजनों ने गांव के ही रंजीत धनवार पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।विवाद के बाद धारदार हथियार से हमला करने का आरोप परिजनों के अनुसार, घटना रात करीब 9:30 बजे की है। आरोप है कि रंजीत धनवार महिला के घर पहुंचा, जहां विवाद हुआ। उस समय घर में मौजूद दो नाबालिग बच्चियां डरकर बाहर चली गईं। परिजनों का आरोप है कि महिला को घर से बाहर ले जाकर करीब 50 मीटर दूर खेत के पास धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।घटना की सूचना मिलने पर हसौद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।मामले की गंभीरता को देखते हुए सक्ती पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने हसौद पुलिस को निष्पक्ष एवं त्वरित जांच करते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह तलाश रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में नए तथ्य सामने आने की संभावना है।
संवाददाता: अशोक जायसवाल
साइंस वाणी न्यूज़ सक्ती