कलेक्टर जयश्री जैन ने चंद्रपुर में पीवी ऐप सर्वे का किया औचक निरीक्षण, किसानों का खसरा-रकबा नहीं छूटने के दिए निर्देश
19 अक्टूबर 2026
संवाददाता: अशोक जायसवाल
साइंस वाणी न्यूज़ सक्ती
सक्ती, 19 अक्टूबर 2026। जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्यों में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने चंद्रपुर क्षेत्र के ग्राम बरहागुड़ा पहुँचकर पीवी ऐप के माध्यम से किए जा रहे सर्वे कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सर्वे कार्य पूरी सावधानी के साथ त्रुटिरहित तरीके से निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खेतों में चल रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने सर्वेयर सहित राजस्व, कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सर्वे के दौरान किसी भी किसान का खसरा अथवा रकबा छूटने नहीं पाए। सभी आवश्यक जानकारियों का सही-सही संकलन करते हुए सर्वे कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूरा किया जाए।
कलेक्टर ने किसानों से अपील की कि वे पीवी ऐप सर्वे एवं एग्रीस्टैक पंजीयन में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शेष पात्र किसान अपना पंजीयन अवश्य कराएं, ताकि कोई भी किसान इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।माँ चंद्रहासिनी मंदिर में व्यवस्थाओं का लिया जायजाचंद्रपुर पहुँचने पर कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने माँ चंद्रहासिनी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात उन्होंने नवरात्र पर्व के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा, साफ-सफाई, आवागमन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने के निर्देश दिए।कलेक्टर के निर्देशन में अपर कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार सहित राजस्व एवं अन्य विभागीय अधिकारी भी जिले में पीवी ऐप सर्वे कार्यों की लगातार निगरानी कर रहे हैं।निरीक्षण के दौरान एसडीएम डभरा श्री विनय कश्यप, तहसीलदार श्री संजय मिंज, नायब तहसीलदार श्री आशीष पटेल सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।