-->
किसानों की सिंचाई समस्या पर कलेक्टर सख्त, दो दिन में समाधान के निर्देश

किसानों की सिंचाई समस्या पर कलेक्टर सख्त, दो दिन में समाधान के निर्देश


संवाददाता: अशोक जायसवाल/साइंस वाणी न्यूज़ सक्ती

सक्ती, 15 अक्टूबर 2026। जिले में खरीफ फसल की सिंचाई के लिए पानी की कमी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का जल्द निराकरण करने तथा नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।कलेक्टर ने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पानी की समस्या का सामना नहीं करना पड़े। इसके लिए जल संसाधन विभाग के मैदानी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नहरों की नियमित पेट्रोलिंग करने और अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सिंचाई से जुड़ी समस्याओं का निराकरण दो दिनों के भीतर किया जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।बैठक में कार्यपालन अभियंता खरसिया को सिंघरा वितरक नहर के अंतर्गत आने वाले सुखदा, बरतुंगा, मुड़पार, किरारी, बेल्हाडीह, कनाईडीह सहित अन्य ग्रामों में पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, कार्यपालन अभियंता सक्ती को जैजैपुर क्षेत्र के पिसौद, भनेतरा, लालमाटी, आमाकोनी सहित अन्य गांवों में नहरों के माध्यम से पर्याप्त पानी पहुंचाने के लिए कहा गया।बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि कोरबा स्थित दर्री बैराज के गेट के संचालन में खराबी के कारण नहरों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कोरबा जल संसाधन विभाग से तत्काल समन्वय स्थापित कर समस्या का अगले दिन तक निराकरण करने के निर्देश दिए।कलेक्टर की इस पहल से प्रभावित गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी आने की उम्मीद है। बैठक में कार्यपालन अभियंता खरसिया, कार्यपालन अभियंता सक्ती सहित जल संसाधन विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article