खेतों में पहुंचीं कलेक्टर जयश्री जैन, पीवी ऐप सर्वे का किया औचक निरीक्षण
20 अक्टूबर 2026
संवाददाता: अशोक जायसवाल
साइंस वाणी न्यूज़ सक्ती
साइंस वाणी न्यूज़ को प्राप्त जानकारी के अनुसार सक्ती, 17 अक्टूबर 2026। जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे (पीवी ऐप) के कार्यों को समय-सीमा में त्रुटिरहित पूर्ण कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने जनपद पंचायत सक्ती अंतर्गत ग्राम केरीबंधा के अंदरूनी खेतों में पहुंचकर सर्वे कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फसलों के भौतिक सत्यापन का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम केरीबंधा में अर्जुनी फसल के भौतिक सत्यापन की स्थिति देखी तथा सर्वे कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि पीवी ऐप के माध्यम से डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य पूरी सावधानी और सटीकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। किसी भी किसान का खसरा अथवा रकबा छूटने न पाए और सभी जानकारियों की प्रविष्टि त्रुटिरहित होनी चाहिए।
किसानों से चर्चा कर पंजीयन कराने की अपील
कलेक्टर श्रीमती जैन ने मौके पर उपस्थित किसानों से चर्चा कर सर्वे कार्य की जानकारी ली। उन्होंने किसानों से पीवी ऐप सर्वे एवं एग्रीस्टैक पंजीयन में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि जिन किसानों का पंजीयन अभी तक नहीं हुआ है, वे जल्द पंजीयन कराएं, ताकि कोई भी पात्र किसान इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।कलेक्टर के निर्देशन में जिलेभर में पीवी ऐप सर्वे कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। अपर कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार सहित राजस्व एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मैदानी स्तर पर पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं।इस अवसर पर जनपद पंचायत सक्ती के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सी.के. आदिले, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सरपंच, सचिव सहित संबंधित अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।