ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे पर चक्रधरनगर पुलिस की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार ऑपरेशन अंकुश के तहत बोईरदादर में दबिश, Vivo V60 मोबाइल जब्त; खाईवाल तक पहुंचने के लिए जांच जारी
04 अक्टूबर 2026
संवाददाता – संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़, रायगढ़
रायगढ़, 4 अक्टूबर 2026। जिले में जुआ-सट्टा और विशेष रूप से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से Vivo V60 मोबाइल फोन जब्त किया है। मोबाइल की जांच में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा साइट से जुड़े साक्ष्य मिलने की बात पुलिस ने कही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा एडिशनल एसपी अनिल सोनी और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस द्वारा सट्टा गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस पूर्व में सट्टे के मामलों में पकड़े गए आरोपियों के क्राइम रिकॉर्ड और डिजिटल फुटप्रिंट का भी विश्लेषण कर रही है।
इसी क्रम में 3 अक्टूबर 2026 को चक्रधरनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बोईरदादर शालिनी स्कूल रोड स्थित गुरुकृपा प्रोविजन स्टोर के पास एक व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट मैच में हार-जीत का दांव लगवाकर सट्टा खिला रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर पंकज जय सिंह पिता गोविंद राम जय सिंह, निवासी सिंधी कॉलोनी पक्की खोली, थाना चक्रधरनगर, जिला रायगढ़ को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने करीब एक वर्ष से क्रिकेट सट्टे के कारोबार से जुड़े होने की जानकारी दी। आरोपी द्वारा सट्टे की रकम UPI के माध्यम से प्राप्त कर मुख्य खाईवाल को ऑनलाइन भेजने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक Vivo V60 मोबाइल फोन जब्त किया। मोबाइल की Google Chrome हिस्ट्री की जांच में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा साइट की लिंक संचालित किए जाने के साक्ष्य मिलने की जानकारी पुलिस ने दी है।
मामले में आरोपी के विरुद्ध धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं धारा 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर भेजने की कार्रवाई कर रही है। पूछताछ के दौरान मुख्य खाईवाल के संबंध में भी जानकारी मिलने की बात सामने आई है, जिस पर पुलिस की आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सट्टा खेलने वालों की गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल माध्यम से संचालित सट्टे के नेटवर्क तक पहुंचने के लिए डिजिटल फुटप्रिंट का विश्लेषण किया जा रहा है।
कार्रवाई सिटी एसपी मयंक मिश्रा एवं सीएसपी राहुल उईके के मार्गदर्शन में एसआई गेंदलाल साहू, एएसआई आशिक रात्रे, आरक्षक संदीप कौशिक एवं आरक्षक मिनकेतन साहू द्वारा की गई।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में जुआ-सट्टा एवं ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के अवैध कारोबार पर पुलिस की निगरानी लगातार जारी है। सट्टे के कारोबार से जुड़े पुराने आरोपियों तथा उनके डिजिटल फुटप्रिंट पर भी नजर रखी जा रही है। अवैध सट्टा संचालन में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।