रायगढ़ में महीने की पहली तारीख को बदमाशों ने थाने में लगाई हाजिरी नवरात्रि से पहले निगरानी, गुंडा और माफी बदमाशों पर पुलिस की कड़ी नजर; गरबा-डांडिया में छेड़खानी या विवाद किया तो सीधे होगी कार्रवाई
04 अक्टूबर 2026
संवाददाता – संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़, रायगढ़
रायगढ़, 4 अक्टूबर। नवरात्रि पर्व को देखते हुए रायगढ़ पुलिस ने शहर में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निगरानी बढ़ा दी है। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में निगरानी, गुंडा एवं माफी बदमाशों सहित पूर्व में विवादों में संलिप्त रहे व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इसी क्रम में महीने की पहली तारीख को थाना कोतवाली, चक्रधरनगर और जूटमिल क्षेत्र के संबंधित व्यक्तियों ने थानों में पहुंचकर अपनी हाजिरी दर्ज कराई। पुलिस ने उन्हें अपने वर्तमान कार्य, जीवन-यापन के साधन और गतिविधियों की जानकारी देने के साथ आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी।
बताया गया कि इससे पहले 1 सितंबर को नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा ने थाना चक्रधरनगर परिसर में तीनों थाना क्षेत्रों के निगरानी, गुंडा एवं माफी बदमाशों तथा पूर्व में झगड़ा-विवाद में संलिप्त लोगों को सामूहिक रूप से हाजिर कराया था। उस दौरान सभी को प्रत्येक माह की पहली तारीख को संबंधित थाने में उपस्थित होकर हाजिरी देने के निर्देश दिए गए थे।
नवरात्रि में गरबा-डांडिया आयोजनों पर विशेष निगरानी
नवरात्रि पर्व के दौरान शहर में गरबा, डांडिया सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन होंगे। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चियां भी शामिल होती हैं। इसे देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक श्री राहुल उईके ने हाजिरी देने पहुंचे लोगों को विशेष रूप से चेतावनी दी।
सीएसपी ने स्पष्ट किया कि महिलाओं एवं बच्चियों के साथ छेड़खानी, छींटाकशी, अभद्र व्यवहार, मारपीट या किसी भी प्रकार का विवाद करने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि अब केवल समझाइश देकर छोड़ने की बजाय अपराध में संलिप्त पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हर गतिविधि पर पुलिस की नजर
पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों को चेताया कि उनके आवागमन और गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्हें शांतिपूर्ण तरीके से जीवन-यापन करने और किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति को रोजगार या जीवन-यापन से संबंधित वास्तविक समस्या है तो वह पुलिस-प्रशासन को इसकी जानकारी दे सकता है, ताकि नियमानुसार आवश्यक सहयोग और समाधान का प्रयास किया जा सके।
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि नवरात्रि सहित आगामी त्योहारों के दौरान शहर में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखना प्राथमिकता है। इसके लिए असामाजिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।