लैलूंगा में सजेगा पशुधन का महाकुंभ! टटकेला में 13 दिसंबर को भव्य पशु मेला, उत्कृष्ट पशु-पक्षियों को मिलेगा सम्मान
19 नवंबर 2026
संवाददाता - संतोष कुमार चौहान साइंस वाणी न्यूज़, लैलूंगा
उन्नत नस्ल के पशुधन की प्रदर्शनी, प्रतियोगिता और निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का होगा आयोजन; पशुपालकों से सहभागिता की अपील
लैलूंगा। पशुपालन को बढ़ावा देने, उन्नत नस्ल के पशुधन के संवर्धन तथा क्षेत्र के पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विकासखंड लैलूंगा के ग्राम टटकेला में 13 दिसंबर 2026, रविवार को विकासखंड स्तरीय भव्य पशुपालक पशु मेला, उत्सव, प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। पशुधन विकास विभाग लैलूंगा के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के पशुपालक अपने उत्कृष्ट पशुधन और पशु-पक्षियों के साथ भाग लेंगे।
इस पशु मेले में जर्सी, गिर सहित विभिन्न उन्नत नस्लों की गायों, दुधारू पशुओं, बैल जोड़ी, भैंस, भैंसा, सांड, बकरा-बकरी, भेड़, सूकर तथा विभिन्न प्रकार के पशु-पक्षियों की प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पशु-पक्षियों का चयन कर उनके पालकों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
पशु प्रदर्शनी के साथ लगेगा निःशुल्क चिकित्सा शिविर
मेले में पशुधन की प्रदर्शनी और प्रतियोगिता के साथ पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार के लिए निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर भी लगाया जाएगा। शिविर के माध्यम से पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य, देखभाल, पोषण एवं पशुपालन से संबंधित उपयोगी जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
इन श्रेणियों में होगी पशुधन की प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता
आयोजन के दौरान संकर नस्ल के पशु, दुधारू गाय, स्वस्थ पशुधन, बैल जोड़ी, भैंसा-भैंस, सांड, मुर्गी, बतख, जापानी बटेर, बकरा-बकरी, भेड़ एवं सूकर सहित विभिन्न श्रेणियों में पशुधन और पशु-पक्षियों को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रतियोगिता के माध्यम से उत्कृष्ट पशुधन की पहचान कर पशुपालकों को प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा।
इस समय आयोजित होंगे कार्यक्रम
* दिनांक : 13 दिसंबर 2026, रविवार
* स्थान : ग्राम टटकेला, विकासखंड लैलूंगा
* सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक : पशु प्रदर्शनी एवं पशुधन चयन
* दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक : पुरस्कार वितरण
* दोपहर 1:30 बजे से : उद्बोधन एवं समापन समारोह
पशुपालकों से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील
पशुधन विकास विभाग लैलूंगा ने विकासखंड के समस्त पशुपालकों से निर्धारित तिथि एवं समय पर ग्राम टटकेला पहुंचकर अपने उन्नत नस्ल के पशुधन के साथ मेले में भाग लेने की अपील की है। यह आयोजन पशुपालकों के लिए अपने पशुधन की गुणवत्ता प्रदर्शित करने, सम्मान एवं प्रोत्साहन प्राप्त करने तथा पशुपालन से जुड़ी नई जानकारियां हासिल करने का अवसर बनेगा।
पशुधन विकास विभाग का संदेश है कि पशुधन की गुणवत्ता और पशुपालन के विकास से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। पशुपालकों को प्रोत्साहित करने वाले ऐसे आयोजन ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।