ऑपरेशन आघात: गेजामुड़ा में लगातार दूसरे दिन कोतरारोड़ पुलिस की शराब रेड, दो आरोपी गिरफ्तारदोनों आरोपियों से 12.250 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त, अवैध शराब कारोबार पर पुलिस की लगातार कार्रवाई
19 नवंबर 2026
संवाददाता : संतोष कुमार चौहान / साइंस वाणी न्यूज़, रायगढ़
रायगढ़। जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने लगातार दूसरे दिन ग्राम गेजामुड़ा में छापेमारी कर दो अवैध शराब विक्रेताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 12.250 लीटर महुआ शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 1,850 रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 नवंबर 2026 को थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील आदित्य सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गेजामुड़ा निवासी रामनिवास खड़िया अपने मकान के पास कोलाबाड़ी में महुआ शराब छिपाकर बिक्री के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और संदेही से पूछताछ की। आरोपी द्वारा अवैध शराब बिक्री करना स्वीकार किए जाने पर पुलिस ने उसके कब्जे से 250 एमएल क्षमता वाले 25 प्लास्टिक पाउच में भरी कुल 6.250 लीटर महुआ शराब बरामद की, जिसकी कीमत करीब 1,250 रुपये बताई गई है। आरोपी रामनिवास खड़िया पिता अगनुराम खड़िया, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम गेजामुड़ा के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में 19 नवंबर 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को ग्राम गेजामुड़ा चौक के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से महुआ शराब बिक्री किए जाने की सूचना मिली। थाना प्रभारी के निर्देश पर पेट्रोलिंग टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम हरिहर खड़िया पिता गिरवारी खड़िया, उम्र 47 वर्ष, निवासी सोयामुड़ा, छोटी कंपनी डिपो, थाना कोतरारोड़ बताया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से जरकिन एवं पानी की बोतलों में रखी कुल 6 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 600 रुपये बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध भी धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
इस प्रकार कोतरारोड़ पुलिस ने लगातार दो दिनों तक कार्रवाई करते हुए ग्राम गेजामुड़ा से दो अवैध महुआ शराब विक्रेताओं को गिरफ्तार कर कुल 12.250 लीटर शराब जब्त की है।
शराब रेड की इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक बाबूलाल पटेल, वीरेंद्र भगत, आरक्षक राजेश खांडे, चूड़ामणि गुप्ता, बंशीलाल रात्रे, मनोज कुमार यादव तथा महिला आरक्षक दोरोथिया किंडो एवं कस्तुरी राठिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।