बिलाईगढ़ में 26 नवंबर को संविधान दिवस महोत्सव, बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर को किया जाएगा नमन
24 नवंबर 2026
साईन्स वाणी न्यूज़ | सारंगढ़-बिलाईगढ़।
भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर 2026 को तहसील परिसर बिलाईगढ़ में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल के पास संविधान दिवस महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होगा। इसका आयोजन जन चेतना मंच बिलाईगढ़, मूल निवासी संघ सारंगढ़-बिलाईगढ़, साईंस वाणी न्यूज़ तथा अधिकारी कर्मचारी ब्लॉक इकाई बिलाईगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम लगातार ग्यारहवें वर्ष आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव में संविधान एवं संविधानवाद, युवाओं और श्रमिकों के अधिकार, गलत नीतियों का पर्दाफाश एवं समाधान, वैज्ञानिक सोच, मनोवैज्ञानिक शिक्षण-प्रशिक्षण, महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान तथा मूलनिवासी पहचान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।
कार्यक्रम का संचालन संविधान प्रबोधक एवं संयोजक मूलनिवासी संघ से जुड़े नरेंद्र कुर्रे करेंगे। उद्घाटनकर्ता कृष्ण कुमार, अध्यक्षता विरेंद्र कुमार तथा प्रस्तावना जिला अध्यक्ष तुकेश्वर प्रसाद प्रस्तुत करेंगे। प्रमुख वक्ता के रूप में सी.आर. बंजारे, प्रधान संपादक साईंस वाणी न्यूज़ हिंदी मासिक, दैनिक, पोर्टल एवं वेब न्यूज़ चैनल रायपुर अपने विचार रखेंगे।
आयोजकों ने प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, साहित्यकारों, कलाकारों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
कार्यक्रम का उद्देश्य संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना तथा समानता, न्याय, अधिकार और वैज्ञानिक चेतना पर आधारित समाज निर्माण का संदेश देना है।