खरसिया के ग्राम पंचायत सूती के बागबुडवा गांव के 30 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम
स्कूल बस से बच्चों को छोड़कर घर लौटा था अमित यादव, पिता फलिराम यादव कमरे का दरवाजा बंद कर उठाया आत्मघाती कदम; फांसी लगाने से पहले शराब सेवन करने की भी मिली जानकारी
सूती (बागबुड़वा), खरसिया। ग्राम पंचायत सूती के बागबुड़वा मोहल्ले में आज सुबह करीब 9 बजे एक हृदयविदारक घटना सामने आई। यहां 30 वर्षीय अमित यादव ने अपने ही घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की खबर मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई, वहीं परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमित यादव की शादी करीब 5 वर्ष पहले हुई थी। उसकी एक 2 वर्षीय मासूम बेटी भी है। अमित पेशे से स्कूल वाहन चालक था और सूती के गणेश चौहान (कोटवार) की स्कूल गाड़ी चलाता था। वह खरसिया स्थित विवेकानंद स्कूल के बच्चों को लाने-ले जाने का काम करता था।
रोज की तरह बच्चों को स्कूल छोड़कर लौटा था घर
बताया जा रहा है कि अमित आज सुबह भी रोज की तरह स्कूल वाहन लेकर बच्चों को छोड़ने गया था। बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद करीब 9 बजे वह अपने घर बागबुड़वा पहुंचा। उस समय घर में उसकी पत्नी मौजूद थी, जबकि उसका भाई घर के बाहर बैठा हुआ था और पिता खेत गए हुए थे।
घर पहुंचने के बाद अमित अपने कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद कमरे से आवाज आने पर पत्नी दौड़कर पहुंची, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद आसपास के लोगों को बुलाया गया। खिड़की की ईंटें हटाकर अंदर देखा गया तो अमित फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला।
फांसी लगाने से पहले शराब सेवन की मिली जानकारी
स्थानीय स्तर पर प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमित के घर पहुंचने के बाद शराब सेवन करने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि वह अक्सर शराब पीता था और परिजनों द्वारा मना किए जाने के बावजूद शराब का सेवन करता था। हालांकि, घटना के समय शराब सेवन की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
खरसिया पुलिस मौके पर पहुंची, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही खरसिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
फिलहाल अमित यादव ने किन परिस्थितियों में इतना बड़ा कदम उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़ी वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकेंगी।
एक 2 वर्षीय मासूम बच्ची के सिर से पिता का साया उठने से परिवार में मातम पसरा हुआ है। आखिर ऐसा क्या हुआ कि सुबह बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौटे अमित की जिंदगी का इस तरह अंत हो गया? यह सवाल पूरे गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।
फिलहाल पुलिस जांच जारी है।