बिल्हा में 3.38 लाख रुपये का फर्जीवाड़ा, बैंक के कैशियर, लेखापाल सहित तीन आरोपी गिरफ्तारसेवा सहकारी समिति के चेक में काट-छांट कर बढ़ाई गई राशि, पुलिस ने तीनों आरोपियों को भेजा न्यायिक रिमांड पर
साईन्स वाणी | बिलासपुर। बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में सेवा सहकारी समिति के चेकों में कथित रूप से काट-छांट और कूटरचना कर 3 लाख 38 हजार रुपये का अतिरिक्त आहरण करने का मामला सामने आया है। मामले में बिल्हा पुलिस ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा बिल्हा के कैशियर ऋषिकेश पाण्डेय, लेखापाल संजय सिंह बघेल तथा सेवा सहकारी समिति मर्यादित गुमा क्रमांक 63 के प्राधिकृत अधिकारी एवं सह-अध्यक्ष राजकुमार बरगाह को 21 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी राजकुमार बरगाह ने 26 सितंबर 2026 को थाना बिल्हा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि समिति के कार्यवाही प्रस्ताव के अनुसार तीन चेकों से क्रमशः 51,900 रुपये, 1,82,080 रुपये और 80,150 रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। आरोप है कि हस्ताक्षर के बाद चेकों में ओवरराइटिंग कर इन राशियों को बढ़ाकर क्रमशः 89,900 रुपये, 2,82,080 रुपये और 2,80,150 रुपये कर दिया गया। इस प्रकार कुल 3 लाख 38 हजार रुपये का अतिरिक्त आहरण किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने पाया कि चेकों में कथित छेड़छाड़ के बावजूद बैंक स्तर पर उन्हें निरस्त करने के बजाय भुगतान की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस के मुताबिक, बैंक के लेखापाल ऋषिकेश पाण्डेय ने कूटरचित चेकों को पास करने में भूमिका निभाई, जबकि कैशियर संजय सिंह बघेल ने चेक निरस्त करने के बजाय नकद राशि का भुगतान किया। वहीं, समिति के प्राधिकृत अधिकारी राजकुमार बरगाह पर कार्यवाही प्रस्ताव रजिस्टर में की गई कथित काट-छांट की जांच नहीं करने का आरोप है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि शिकायतकर्ता की भूमिका भी जांच के दायरे में रही। पुलिस के अनुसार, तत्कालीन समिति प्रबंधक शरद कश्यप की मृत्यु के लगभग 15 दिन बाद बैंक कर्मचारियों पर जिम्मेदारी डालते हुए शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने मामले में आपराधिक षड्यंत्र और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाने का आरोप लगाया है।
मामले में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा बिल्हा के सुपरवाइजर हितेश सलूजा एवं शाखा प्रबंधक लक्ष्मण कौशिक को उच्च न्यायालय बिलासपुर से अग्रिम जमानत मिलने के बाद 21 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर जमानत मुचलके पर रिहा किया गया था।
बिल्हा पुलिस ने अपराध क्रमांक 512/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(2)(3), 338, 340(2), 61(2) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस कार्रवाई में इनकी रही भूमिका: निरीक्षक अजय साहू, उप निरीक्षक जी.एल. चंद्राकर एवं प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश कुमार की विशेष भूमिका रही।