समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में तेजी, जिले में अब तक 992.48 मीट्रिक टन धान की खरीदी, 169 किसानों ने बेची उपज
19 नवंबर 2026
संवाददाता : संतोष कुमार चौहान / साइंस वाणी न्यूज़, रायगढ़
112 उपार्जन केंद्रों में 5.42 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी का लक्ष्य, 84,501 किसानों ने कराया पंजीयन
रायगढ़, 19 नवंबर 2026। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य तेजी से जारी है। 15 नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी प्रक्रिया के अंतर्गत अब तक जिले के 169 किसान अपनी उपज उपार्जन केंद्रों में बेच चुके हैं। 19 नवंबर तक जिले के विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से कुल 992.48 मीट्रिक टन मोटा धान की खरीदी की जा चुकी है। इसके तहत 187.092 हेक्टेयर पंजीकृत रकबे का धान उपार्जित किया गया है।
धान खरीदी को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में जिले की 79 समितियों के अंतर्गत संचालित 112 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से कुल 5 लाख 42 हजार 580.94 मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस वर्ष जिले में धान विक्रय के लिए कुल 84 हजार 501 किसानों ने अपना पंजीयन कराया है। इन किसानों का कुल पंजीकृत कृषि रकबा 1 लाख 24 हजार 728.258 हेक्टेयर है। प्रशासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जा रही है।
धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया जा रहा है। आने वाले दिनों में खरीदी की रफ्तार बढ़ने के साथ ही उपार्जन केंद्रों में किसानों की आवाजाही भी बढ़ने की संभावना है। जिले में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप धान खरीदी पूरी करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यवस्था बनाई गई है।
किसानों की उपज का उचित मूल्य दिलाने और खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन का कार्य लगातार जारी है।