घर बैठे मोबाइल से कट रहा धान बिक्री का टोकन, किसानों को मिल रही बड़ी राहत; 24 घंटे उपलब्ध है ऑनलाइन सुविधा
19 नवंबर 2026
संवाददाता : संतोष कुमार चौहान / साइंस वाणी न्यूज़, रायगढ़
रायगढ़, 19 नवंबर 2026। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान किसानों को सुविधा देने के लिए शासन द्वारा डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी कड़ी में तुंहर टोकन मोबाइल एप किसानों के लिए काफी मददगार साबित हो रहा है। अब किसान समिति कार्यालय के चक्कर लगाए बिना घर बैठे ही अपनी सुविधानुसार मोबाइल एप के माध्यम से धान विक्रय के लिए ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर रहे हैं। इससे किसानों के समय और मेहनत दोनों की बचत हो रही है।
ग्राम गोर्रा निवासी किसान श्री देवेंद्र पटेल ने भी शासन की इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठाया है। उन्होंने ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर शासन की किसान हितैषी व्यवस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।
किसान देवेंद्र पटेल ने बताया कि उनके पास 5 एकड़ कृषि भूमि है, जिसमें उन्होंने धान की फसल लगाई है। इसमें से 3 एकड़ की फसल की कटाई पूरी हो चुकी है। उन्होंने अपनी पूरी कृषि भूमि का धान विक्रय के लिए पंजीयन कराया है। पंजीयन प्रक्रिया में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। वहीं धान बेचने के लिए उन्होंने तुंहर टोकन मोबाइल एप के माध्यम से घर बैठे ही ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर लिया।
उन्होंने बताया कि मोबाइल एप से घर बैठे टोकन मिलने के कारण अब समिति के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। इससे समय की बचत होने के साथ ही धान विक्रय की प्रक्रिया भी आसान हो गई है। उन्होंने उपार्जन केंद्र की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए बताया कि समिति में किसानों के लिए पेयजल, छाया सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे किसानों को धान बेचने के दौरान सहूलियत मिल रही है।
24 घंटे अपनी सुविधानुसार प्राप्त कर सकते हैं ऑनलाइन टोकन
किसानों को टोकन प्राप्त करने के लिए समितियों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए शासन द्वारा तुंहर टोकन मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। किसान इस एप के जरिए 24 घंटे अपनी सुविधानुसार टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा समिति स्तर पर भी टोकन जारी करने की व्यवस्था की गई है। इस डिजिटल पहल से धान विक्रय की प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक हो रही है।
21 क्विंटल प्रति एकड़ की पूरी मात्रा बेचना अनिवार्य नहीं, फिर भी मिलेगी आदान सहायता
कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके लिए प्रति एकड़ निर्धारित 21 क्विंटल धान की पूरी मात्रा बेचना अनिवार्य नहीं है। निर्धारित मात्रा से कम धान विक्रय करने वाले पात्र किसान भी योजना के प्रावधानों के अनुसार आदान सहायता के पात्र होंगे।
इससे किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में अतिरिक्त आर्थिक सहयोग मिलेगा। शासन की इन किसान हितैषी योजनाओं और डिजिटल सुविधाओं से धान खरीदी की व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने का प्रयास किया जा रहा है।