सूरजपुर में संगीन आरोपों का भूचाल: भाजपा नेता व पार्षद मुकेश गर्ग पर धमकी, बंधक और दबाव बनाने का आरोप, कलेक्टर-एसपी से शिकायत
सूरजपुर में संगीन आरोपों का भूचाल: भाजपा नेता व पार्षद मुकेश गर्ग पर धमकी, बंधक और दबाव बनाने का आरोप, कलेक्टर-एसपी से शिकायत
बंद कमरे की कथित घटना से शुरू हुआ विवाद, पत्नी के लापता होने का दावा; शिकायतकर्ता ने मांगी CDR और नार्को टेस्ट
सूरजपुर। सत्ता और प्रभाव की धौंस, बंद कमरे का कथित ड्रामा, शिकायत वापस लेने का दबाव और अब पत्नी के लापता होने का दावा सूरजपुर की सियासत को झकझोर देने वाले इन सनसनीखेज आरोपों ने हलचल मचा दी है। वार्ड-03 के पार्षद और भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मुकेश गर्ग पर भैयाथान रोड निवासी राजेश सोनी पिता बलराम सोनी ने गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायती आवेदन कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक को दिया है।
बंद कमरे की कथित घटना से बढ़ा विवाद
शिकायतकर्ता राजेश सोनी के मुताबिक, उनका पत्नी के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा है और मामला फैमिली कोर्ट में विचाराधीन है। इसी विवाद के चलते वे 1 सितंबर से अपने जेलपारा स्थित मकान के बजाय पुराने घर में रह रहे हैं।आरोप है कि 21 नवंबर की रात जेलपारा वाले घर में किसी के घुसने की सूचना मिलने पर वे अपने छोटे भाई और मां के साथ वहां पहुंचे। आवेदक का दावा है कि बंद कमरे से आवाजें आ रही थीं और वार्ड पार्षदों, एल्डरमैन व अन्य लोगों की मौजूदगी में कथित तौर पर मुकेश गर्ग कमरे से बाहर निकले। शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने और वार्ड-04 के पार्षद ने इस घटना का वीडियो बनाया और थाने में लिखित शिकायत दी।
धमकी, बंधक और दबाव बनाने का आरोप
आवेदन में कहा गया है कि घटना के अगले दिन मुकेश गर्ग ने कथित तौर पर फोन कॉल, अपने भाई पूनम और अन्य लोगों के जरिए शिकायत वापस लेने तथा अपने पक्ष में वीडियो बनवाने का दबाव डाला। आरोप है कि जब राजेश सोनी अपने भाई और मां के साथ वहां गए, तो उन्हें गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई तथा करीब एक घंटे तक रोके रखा गया। शिकायत में पुराने भूमि विवाद का हवाला देकर ब्लैकमेलिंग करने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है।
पत्नी के लापता होने का दावा, नार्को टेस्ट और CDR की मांग
आवेदक ने आरोप लगाया है कि मामला सामने आने के बाद छवि बचाने के लिए उनकी पत्नी के जरिए एसपी कार्यालय में झूठी शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, 23 नवंबर 2026 से उनकी पत्नी का कोई सुराग नहीं है और उन्होंने उन्हें बंधक बनाए जाने की आशंका जताई है।राजेश सोनी ने कलेक्टर और एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए संबंधित लोगों के कॉल डिटेल (CDR) और नार्को टेस्ट कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने स्वयं व परिवार को जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा और किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी तय करने की गुहार लगाई है।