बिरसा मुंडा* (आल्हा छंद गीत)
15 नवंबर 2026
जननायक बिरसा मुंडा का, करते हैं हम सब गुणगान।
वीर धीर बन सेवा करते , त्याग दिया उसने है प्राण।।
जल जंगल धरती के सेवक,उसको कहते हैं सब लोग।
सुनकर उनका एक बुलावा, आते सब करने सहयोग।।
किया संगठित सबको उसने, हमें दिलाया देखो मान।
जननायक बिरसा मुंडा का,करते हैं हम सब गुणगान।।
स्वाभिमान के लिए लड़े जब, काॅंप उठा शासन अंग्रेज।
पकड़ उन्हें तब अंग्रेजो ने, दिया जेल में देखो भेज।।
तोड़ नहीं पाऍं साहस को, योद्धा ऐसा देख महान।
जननायक बिरसा मुंडा का,करते हैं हम सब गुणगान।।
आजादी के पथ पर देखो, बढ़े चला बनकर वह वीर।
देख बचाने धरती माॅं को, उठा लिए उसने तब तीर।।
जनमानस में ऊर्जा भरकर,खींचा सबका बरबस ध्यान।
जननायक बिरसा मुंडा का, करते हैं हम सब गुणगान।।
धनुष बाण को थामें देखो, मिला धरा का आबा नाम।
उलगुलान कर शोषण के प्रति,दिया क्रांति उसने अंजाम।।
सब वनवासी इनको पूजे, देते हैं पूरा सम्मान ।
जननायक बिरसा मुंडा का, करते हैं हम सब गुणगान।।
✍️लोको पायलट -संतोष मिरी 'हेम'
कोरबा (छत्तीसगढ़)
जननायक बिरसा मुंडा जयंती पर उन्हें नमन वंदन
*******************************