सक्ती में कानून-व्यवस्था और धान खरीदी पर प्रशासन सख्त, कलेक्टर जयश्री जैन ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
23 नवंबर 2026
संवाददाता: अशोक जायसवाल
साइंस वाणी न्यूज़ सक्ती
सक्ती, 23 नवंबर 2026। कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, धान खरीदी, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने पर तत्काल नियंत्रण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों में अवैध धान की आवक रोकने के लिए एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार एवं थाना प्रभारियों को संयुक्त टीम बनाकर नियमित निरीक्षण और रात्रिकालीन गश्त करने के निर्देश दिए। संवेदनशील खरीदी केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा बिचौलियों और अवैध धान परिवहन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा। पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर ने भी पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय से जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने पर जोर दिया।
बैठक में कलेक्टर ने अवैध शराब पर कार्रवाई, मेला एवं धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था, धान खरीदी केंद्रों में बारदाना, तौल, भंडारण एवं अन्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा ई-ऑफिस प्रणाली, जनगणना प्रशिक्षण, पंचायत उप निर्वाचन, जल जीवन मिशन, सीएम हेल्पलाइन, सेवा सेतु, आयुष्मान योजना, पीएम आवास, राजस्व प्रकरणों एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। लंबित शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण नहीं करने वाले विभागों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को चेताया कि शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक में अपर कलेक्टर नवीन भगत, के.एस. पैकरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।