-->
शादी का झांसा, शारीरिक संबंध और फिर जान से मारने की धमकी! खरसिया से आरोपी गिरफ्तार

शादी का झांसा, शारीरिक संबंध और फिर जान से मारने की धमकी! खरसिया से आरोपी गिरफ्तार





रायगढ़/खरसिया, 22 नवंबर। शादी के सुनहरे सपने दिखाकर युवती को अपने प्रेमजाल में फंसाने, शारीरिक संबंध बनाने, मंदिर में सिंदूर भरकर शादी का भरोसा दिलाने और फिर विवाह से मुकरने का गंभीर मामला सामने आया है। इतना ही नहीं, जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने कथित तौर पर उसे जान से मारकर फेंक देने की धमकी तक दे डाली। मामला सामने आते ही रायगढ़ महिला थाना पुलिस हरकत में आई और खरसिया क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।



 मंदिर में सिंदूर भरा, फिर शादी से किया किनारा!


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय युवती ने 20 नवंबर 2026 को महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई। युवती ने बताया कि वह सागर पटैल उर्फ छोटु (22 वर्ष), निवासी खरसिया थाना क्षेत्र को पहले से जानती थी। जुलाई 2024 में आरोपी ने उसे पसंद करने और शादी करने की इच्छा जताई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।


पीड़िता के आरोपों के मुताबिक, 7 सितंबर 2026 की रात आरोपी उसके घर पहुंचा और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। अगले दिन शादी करने का भरोसा देकर उसे ट्रेन से बिलासपुर ले गया। वहां एक मंदिर में उसकी मांग में सिंदूर भरकर शादी होने की बात कही और अपने घर ले आया। इसके बाद युवती आरोपी के घर पर रहने लगी।


परिजनों ने सामाजिक शादी की बात की तो बदल गया रवैया!


जब इस रिश्ते की जानकारी युवती के परिजनों को हुई तो उन्होंने सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार शादी कराने के लिए आरोपी से बातचीत की। लेकिन आरोप है कि आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। युवती ने जब शादी के लिए दबाव बनाया तो उसे जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी गई।


 शिकायत मिलते ही पुलिस का एक्शन, खरसिया में दबिश!


पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत धारा 69 एवं 351(3) बीएनएस में अपराध पंजीबद्ध किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तत्काल खरसिया रवाना हुई। टीम ने आरोपी के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


 एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में रायगढ़ पुलिस संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई कर रही है। शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और पीड़िताओं को धमकाने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पीड़िताओं को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है।


### इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका


एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं डीएसपी उन्नति ठाकुर के सुपरविजन में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, एएसआई परमेश्वर गुप्ता, प्रधान आरक्षक राजेश उरांव, संदीप भगत एवं आरक्षक रविन्द्र गुप्ता (थाना साइबर) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


साइंस वाणी न्यूज़ | रायगढ़




Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article