-->
बिर्रा-बसंतपुर मार्ग पर धूल के गुबार से लोग परेशान, सांस की बीमारियों का बढ़ रहा खतरा; ठेकेदार की मनमानी पर सवाल

बिर्रा-बसंतपुर मार्ग पर धूल के गुबार से लोग परेशान, सांस की बीमारियों का बढ़ रहा खतरा; ठेकेदार की मनमानी पर सवाल


_संवाददाता: सरिता भारती, साइंस वाणी न्यूज़ छत्तीसगढ़_  
_बिर्रा, जांजगीर-चांपा_

*बिर्रा।* बम्हनीडीह विकासखंड के अंतर्गत बिर्रा से बसंतपुर तक जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों बदहाली और धूल की समस्या से जूझ रही है। सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। दिनभर वाहनों की आवाजाही से मार्ग पर धूल के गुबार उड़ रहे हैं।

हालात ऐसे हैं कि राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों का सांस लेना तक मुश्किल हो रहा है। आंखों में जलन, खांसी और सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है। धूल आसपास के घरों और दुकानों तक पहुंच रही है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, पैदल राहगीरों को हो रही है। धूल के कारण सामने से आने वाला वाहन तक ठीक से नहीं दिखता, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों का आरोप है कि घटनाओं का मुख्य कारण रोड का पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाना है। ठेकेदारों की मनमानी के चलते सड़क में डामर नाममात्र का डाला जाता है, जिससे सड़क एक महीने में ही टूट जाती है।

वहीं इस मामले में अभियंता एम.एल. धृतलहरे ने बताया कि वर्तमान में जांजगीर में डामरीकरण का कार्य चल रहा है। वहां का काम पूरा होते ही बहुत जल्द बिर्रा-बसंतपुर मुख्य मार्ग पर भी डामरीकरण का कार्य शुरू कराया जाएगा। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि इंजीनियर कॉल भी रिसीव नहीं करते।

स्थानीय लोगों ने विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत, नियमित पानी का छिड़काव और धूल से राहत दिलाने की मांग की है।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article