बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम के लिए शिक्षा विभाग सख्त, कमजोर विद्यार्थियों पर रहेगा विशेष फोकसपाठ्यक्रम समय पर पूरा करने और नियमित अध्यापन सुनिश्चित करने प्राचार्यों को निर्देश, विद्यालयवार शैक्षणिक प्रगति की हुई समीक्षा
19 नवंबर 2026
संवाददाता : संतोष कुमार चौहान / साइंस वाणी न्यूज़, रायगढ़
रायगढ़, 19 नवंबर 2026। आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परीक्षा परिणाम हासिल करने और जिले के शासकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में जिले के सभी शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला कलेक्टोरेट स्थित सृजन सभाकक्ष में दो पालियों में आयोजित इस बैठक में विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की पढ़ाई, पाठ्यक्रम पूर्णता और विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा ने प्राचार्यों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए विशेष कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में स्पष्ट रूप से कहा गया कि विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई और शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि परीक्षा के समय विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कमजोर विद्यार्थियों के लिए बनेगी विशेष कार्ययोजना
बैठक में कमजोर शैक्षणिक स्तर वाले विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें अतिरिक्त कक्षाओं एवं विशेष शैक्षणिक सहयोग के माध्यम से बेहतर तैयारी कराने पर जोर दिया गया। प्राचार्यों को निर्देशित किया गया कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की पढ़ाई का नियमित मूल्यांकन किया जाए तथा जिन विषयों में विद्यार्थी कमजोर हैं, उन विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाए। निर्धारित समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूरा करने के साथ-साथ नियमित पुनरावृत्ति और परीक्षा की तैयारी भी सुनिश्चित की जाए।
अधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों के अवकाश अथवा अन्य कारणों से अध्यापन कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। इसके लिए विद्यालयों में वैकल्पिक शिक्षण व्यवस्था बनाई जाए, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई लगातार जारी रहे। प्राचार्यों को अपने-अपने विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।
विद्यालयवार योजनाओं और लंबित प्रकरणों की हुई समीक्षा
बैठक में केवल बोर्ड परीक्षा की तैयारियों पर ही नहीं, बल्कि विद्यालयों में संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं लंबित कार्यों की भी समीक्षा की गई। विद्यालयवार अपार आईडी निर्माण, छात्रवृत्ति प्रकरणों का निराकरण, मुख्यमंत्री जनदर्शन एवं हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में समाधान, नशामुक्त भारत पोर्टल पर पंजीयन तथा गौ विज्ञान परीक्षा के लिए विद्यार्थियों के पंजीयन की जानकारी ली गई।
इसके अलावा राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों के शैक्षणिक भ्रमण सहित अन्य विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने प्राचार्यों को निर्देश दिए कि विद्यालय स्तर पर लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
बुनियादी शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर जोर
बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान के अंतर्गत निपुण भारत मिशन के पांच वर्ष पूर्ण होने पर जिले के विभिन्न विकासखंडों में हासिल उपलब्धियों की समीक्षा की गई। इस दौरान बेसलाइन असेसमेंट रिपोर्ट के आधार पर विद्यार्थियों के वर्तमान शैक्षणिक स्तर का आकलन करते हुए उनमें सुधार लाने के लिए तैयार कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
अधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों की बुनियादी समझ, पढ़ने-लिखने की क्षमता और गणितीय कौशल को बेहतर बनाना शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। इसके लिए विद्यालयों में निर्धारित शैक्षणिक लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
सेवा सेतु पोर्टल के उपयोग का दिया गया प्रशिक्षण
बैठक के दौरान एनआईसी रायगढ़ की टीम ने प्राचार्यों को सेवा सेतु पोर्टल के उपयोग एवं उससे जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी। पोर्टल पर कार्य करने की प्रक्रिया समझाते हुए आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। इसके साथ ही एमबीयू के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी गई तथा संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
प्राचार्यों को समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश
बैठक के अंत में प्राचार्यों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित एजेंडे के प्रत्येक बिंदु पर विद्यालय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करते हुए कार्यों की अद्यतन प्रगति प्रस्तुत करें। अधिकारियों ने शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, कमजोर विद्यार्थियों को विशेष सहयोग और बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए सभी प्राचार्यों को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा।
शिक्षा विभाग की इस समीक्षा बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में अध्यापन व्यवस्था को व्यवस्थित करना, विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को मजबूत बनाना और आगामी बोर्ड परीक्षाओं में जिले का परिणाम बेहतर करने के लिए समय रहते ठोस प्रयास सुनिश्चित करना रहा।