ईरान के सुप्रीम नेता ने फिलिस्तीन को लेकर अब मुस्लिम देशों से की नेतन्याहू पर केस करने की अपील*
22 मई 2021
*ईरान के सुप्रीम नेता ने फिलिस्तीन को लेकर अब मुस्लिम देशों से की नेतन्याहू पर केस करने की अपील*
रिपोर्टर -सुरेश चंद विश्वकर्मा रीवा
इजरायल के संघर्षविराम को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खुमैनी ने फिलिस्तीन के जीत करार दिया है. उन्होंने इजरायल के साथ संघर्षविराम के प्रभावी होने के बाद गाजा पट्टी में फिलिस्तीनियों को मुबारकबाद दी है. साथ ही खुमैनी ने इस युद्धविराम संधि को यहूदी शासन पर जीत करार दिया है. फिलिस्तीन का चरमपंथी संगठन सीजफायर को अपनी जीत के तौर पर देख रहा है. गाजा में लोगों ने संघर्षविराम के ऐलान के बाद जश्न मनाया.
ईरान की सरकारी टीवी वेबसाइट के मुताबिक फिलीस्तीनियों को संबोधित खुमैनी ने एक पत्र जारी किया. इसमें खुमैनी ने गाजा पर हमले को अंतरराष्ट्रीय अदालतों में इजरायल और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ मुकदमा चलाने का भी आग्रह किया.
ईरान मध्य पूर्व में हमास और अन्य चरमपंथी गुटों का करीबी सहयोगी बताया जाता है. रक्षा विश्लेषकों का दावा है कि इजरायल के खिलाफ मुकाबला करने के लिए ईरान हमास को हथियार सहित आर्थिक मदद मुहैया कराता है. सिर्फ हथियार ही नहीं बल्कि ईरान हमास को मिसाइल बनाने की सामग्री, टेक्नोलॉजी, डिजाइन आदि भी मुहैया कराता है. रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि ईरान की मदद के चलते हमास पहले की तुलना अब ज्यादा मजबूत हुआ है.
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक अपने पत्र में खुमैनी ने सभी मुस्लिम देशों से फिलिस्तीनी लोगों के समर्थन में रैली करने का भी आग्रह किया है. उन्होंने फिलिस्तीनी बलों को मजबूत बनाने, आर्थिक मदद मुहैया कराने या गाजा में नष्ट हुए बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण के जरिये मदद मुहैया कराने का आह्वान किया है. ईरान के सुप्रीम नेता ने कहा कि फिलिस्तीन को पहले से कही अधिक आर्थिक मदद मुहैया कराये जाने की जरूरत है. फिलहाल, ईरान के शक्तिशाली रिवोल्यूशनरी गार्ड ने भी अपनी वेबसाइट sepahnews.com पर एक बयान में गाजा के लोगों को उनकी जीत पर खुमैनी के मुबारकबाद की बात दोहराई है.