संवाद दाता रामकुमार प्रजापति संभाग ब्यूरो चिप
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर द्वारा ग्राम पंचायत ऊंचडीह एवं लोधीमा में शनिवार को व्यापक कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता, यातायात नियमों, डिजिटल सुरक्षा, लोक अदालत और नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती विनीता वार्नर के मार्गदर्शन तथा सचिव सुश्री पायल टोपनो के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता द्वितीय व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी श्री हिमांशु पण्डा ने की। इस अवसर पर चौकी प्रभारी योगेंद्र जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण रजवाड़े, उप सरपंच मोहित रजवाड़े एवं सरपंच प्रदीप सिंह ने न्यायाधीश का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
अपने संबोधन में न्यायाधीश हिमांशु पण्डा ने कहा कि “किसी भी कानूनी लड़ाई में स्वयं को कमजोर न समझें, कानून सभी को समान अधिकार देता है।” उन्होंने विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम 1987 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता और परामर्श उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने ग्रामीणों से नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 के माध्यम से सहायता लेने की अपील भी की।
उन्होंने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन बीमा और हेलमेट के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि दस्तावेजों की कमी दुर्घटना की स्थिति में बड़ी परेशानी और आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है। साथ ही आगामी 09 मई 2026 को आयोजित नेशनल लोक अदालत के महत्व और उसके लाभों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में मध्यस्थता, वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम 2007, मानसिक रूप से बीमार व्यक्तियों के लिए विधिक सेवाएं योजना तथा छत्तीसगढ़ लोक सेवा गारंटी अधिनियम 2011 की जानकारी भी दी गई।
चौकी प्रभारी योगेंद्र जायसवाल ने डिजिटल ठगी और साइबर अपराधों से बचाव को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया। उन्होंने फर्जी लिंक, अनजान वीडियो कॉल, APK फाइल और ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग से सावधान रहने की सलाह देते हुए सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर बल दिया।
नशा मुक्ति को लेकर उन्होंने “हम बदलेंगे, युग बदलेगा” का संदेश देते हुए कहा कि समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए पहले परिवारों को जागरूक होना होगा। उन्होंने युवाओं और अभिभावकों से बच्चों की डिजिटल गतिविधियों पर निगरानी रखने की अपील भी की।
कार्यक्रम का संचालन पैरा लीगल वॉलंटियर सत्य नारायण ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, पंचायत प्रतिनिधि, सचिव, चौकी स्टाफ एवं पीएलव्ही उमेश कुमार रजवाड़े उपस्थित रहे। कार्यक्रम को ग्रामीणों ने उपयोगी और जनजागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
टिप्पणियाँ