संवाद दाता रामकुमार प्रजापति संभाग ब्यूरो चिप
शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बतरा एक बार फिर बोर्ड परीक्षा परिणाम को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीण अंचल में स्थित इस विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह साबित कर दिया कि संसाधनों से अधिक महत्व मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन का होता है।
विद्यालय का लगातार तीसरे वर्ष भी शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम रहा, जिसने संस्था की शैक्षणिक गुणवत्ता को एक बार फिर प्रमाणित कर दिया है।
विद्यालय का लगातार तीसरे वर्ष भी शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम रहा, जिसने संस्था की शैक्षणिक गुणवत्ता को एक बार फिर प्रमाणित कर दिया है।
परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल बन गया। छात्र-छात्राओं के चेहरों पर सफलता की चमक साफ दिखाई दे रही थी। अभिभावकों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे ग्राम क्षेत्र में विद्यालय की इस उपलब्धि को लेकर गर्व का माहौल देखने को मिला।
विद्यालय की इस उल्लेखनीय सफलता के पीछे सूरजपुर जिला कलेक्टर एस. जयवर्धन का संरक्षण, जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा और जिला मिशन समन्वयक मनोज साहू का निर्देशन तथा सहायक संचालक एवं विद्यालय के पालक अधिकारी रवींद्र सिंहदेव का विशेष मार्गदर्शन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शिक्षा विभाग के निरंतर सहयोग और विद्यालय प्रबंधन की सुनियोजित रणनीति के चलते विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण मिल रहा है।
10वीं में ज्योति राजवाड़े बनी विद्यालय की टॉपर
कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में विद्यालय की मेधावी छात्रा ज्योति राजवाड़े ने 96.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। ज्योति की सफलता ने पूरे विद्यालय को गौरवान्वित किया है। नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल
वहीं विद्यालय की छात्रा प्रज्ञा राजवाड़े ने 95.67 प्रतिशत अंक अर्जित कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा साक्षी राजवाड़े ने 94.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। तीनों छात्राओं की सफलता ने यह साबित कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां भी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रही हैं।
विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी में सफलता अर्जित की। परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
12वीं में अंबिका प्रसाद ने किया शानदार प्रदर्शन
कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में विद्यालय के छात्र अंबिका प्रसाद ने 92.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर शिक्षकों और अभिभावकों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
वहीं अंतरा गुप्ता एवं इर्यांशु राजवाड़े ने संयुक्त रूप से 89.2 प्रतिशत अंक अर्जित कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा घनश्याम राजवाड़े ने 88.8 प्रतिशत अंक हासिल कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता केवल परीक्षा परिणाम नहीं, बल्कि उनकी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के समर्पण का प्रतिफल है।
लगातार तीसरे वर्ष रहा 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम
विद्यालय के प्राचार्य गोवर्धन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं में कुल 31 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें 29 छात्र प्रथम श्रेणी तथा 2 छात्र द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।
वहीं कक्षा 12वीं में कुल 23 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें 20 छात्र प्रथम श्रेणी एवं 3 छात्र द्वितीय श्रेणी में सफल हुए।
उन्होंने बताया कि विद्यालय का बोर्ड परीक्षा परिणाम लगातार तीसरे वर्ष भी 100 प्रतिशत रहा है, जो पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व और संतोष की बात है।
प्राचार्य ने कहा कि विद्यालय में नियमित अध्ययन के साथ-साथ यूनिट टेस्ट, मॉडल टेस्ट, उपचारात्मक कक्षाएं और विशेष कोचिंग का आयोजन किया जाता है। कठिन विषयों को सरल तरीके से समझाने के लिए शिक्षकों द्वारा अतिरिक्त समय दिया जाता है, जिसका सकारात्मक प्रभाव विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम में स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल विद्यार्थियों की मेहनत नहीं, बल्कि शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन, अभिभावकों के सहयोग और सुनियोजित शैक्षणिक रणनीति का परिणाम है।
“निरंतर अभ्यास ही सफलता का मूलमंत्र”
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों, प्राचार्य और अपने माता-पिता को दिया। विद्यार्थियों ने बताया कि वे प्रतिदिन विद्यालय में पढ़ाए गए पाठों का नियमित अभ्यास करते थे। किसी विषय में समस्या आने पर शिक्षक विशेष रूप से समय देकर उनकी शंकाओं का समाधान करते थे।
विद्यार्थियों ने कहा कि प्रतिदिन दिए गए गृहकार्य और कक्षा कार्य को उसी दिन पूरा करना, नियमित पुनरावृत्ति करना और समय का सही उपयोग करना उनकी सफलता का मुख्य आधार रहा।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में आयोजित उपचारात्मक कक्षाओं से कठिन विषयों को समझने में काफी सहायता मिली। शिक्षकों द्वारा लगातार प्रेरित किए जाने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ा और वे परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सके।
शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बतरा में केवल पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा ही नहीं दी जाती, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।
विद्यालय में विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक सोच को विकसित करने के लिए समय-समय पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।
स्मार्ट क्लास, अनुशासित वातावरण, आधुनिक शिक्षण पद्धति और नियमित मार्गदर्शन का लाभ विद्यार्थियों को मिल रहा है। यही कारण है कि विद्यालय के विद्यार्थी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों ने जताई खुशी
शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष हीरालाल राजवाड़े तथा ग्राम पंचायत बतरा के सरपंच आनंद सिंह आर्मों ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय लगातार शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम तक सीमित शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें बेहतर भविष्य के लिए तैयार करना है।
उन्होंने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में भी विद्यालय इसी तरह उत्कृष्ट परिणाम देकर जिले में अपनी अलग पहचान बनाए रखेगा।
मेधावी छात्रों का सम्मान, मिठाई खिलाकर दी बधाई
परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय परिसर पूरे दिन खुशी और उत्साह से सराबोर रहा। सफल विद्यार्थियों के अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था ने ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर नई दिशा देने का कार्य किया है।
टिप्पणियाँ