ललितपुर में येलो अलर्ट जारी, जिलाधिकारी ने दी सतर्क रहने की सलाह50 से 80 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती है आंधी, आकाशीय बिजली और मेघगर्जन की चेतावनी ललितपुर । मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जनपद ललितपुर के लिए येलो अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। संभावित मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज आंधी और खराब मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने जनपदवासियों से विशेष सावधानी बरतने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।मौसम विभाग के अनुसार जिले में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।जिलाधिकारी ने कहा कि तेज आंधी के दौरान पुराने पेड़ों, कमजोर दीवारों, होर्डिंग्स, बिजली के खंभों और मोबाइल टावरों के आसपास खड़े होने से बचें। घरों की छतों एवं खुले स्थानों पर रखी वस्तुओं को सुरक्षित बांधकर रखें ताकि वे हवा में उड़कर नुकसान न पहुंचा सकें।उन्होंने किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह देते हुए कहा कि यदि खराब मौसम के दौरान खुले खेत में फंस जाएं तो तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचें। आकाशीय बिजली के समय पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें और पक्के भवन में आश्रय लें।आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्कपुलिस सहायता : 100अग्निशमन सेवा : 101एम्बुलेंस सेवा : 108, 102 जिला कंट्रोल रूम : 1077 जिला आपदा नियंत्रण कक्ष : 05176-272613प्रशासन ने नागरिकों से 'दामिनी ऐप' एवं 'सचेत ऐप' डाउनलोड करने की भी अपील की है। इन ऐप्स के माध्यम से आकाशीय बिजली, आंधी-तूफान एवं मौसम से जुड़ी पूर्व चेतावनियां समय पर प्राप्त की जा सकती हैं। जिला प्रशासन ने कहा है कि मौसम संबंधी किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संबंधित विभागों को सूचना दें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
30 मई 2026