तपती धूप में मानवता की मिसाल: मदनपुर के युवाओं ने जीता लोगों का दिल, लगातार चार दिनों से राहगीरों को पिला रहे शरबत और ठंडा पानी
मदनपुर, 30 मई 2026। जहां एक ओर भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं, वहीं मदनपुर के युवाओं ने सेवा और मानवता का ऐसा उदाहरण पेश किया है जिसकी हर ओर प्रशंसा हो रही है। शिव मंदिर गौशाला तालाब परिसर में युवाओं द्वारा लगातार चौथे दिन भी राहगीरों, वाहन चालकों और आमजन को शरबत एवं ठंडे पानी का वितरण किया गया।
तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच यह सेवा अभियान लोगों के लिए राहत का बड़ा सहारा बन गया है। राहगीरों ने युवाओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में मानवता और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।
इस पुनीत कार्य में पप्पू गबेल, सुनील गबेल, मुकेश विश्वकर्मा, जय गबेल, बृजेश गबेल, आकाश झा, मोनू पाठक, प्रशांत यादव, कन्हैया गबेल सहित सभी साथी मित्रों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
क्षेत्र के लोगों ने युवाओं की इस पहल को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि आज के समय में निस्वार्थ भाव से समाज सेवा करने वाले ऐसे युवा समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। युवाओं की इस सेवा भावना ने यह साबित कर दिया कि मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं होता।
