मसनिया कला क्षेत्र में, पंचर दुकान, ट्रैक्टर बैटरी सहित पंचायत के बोर केबल भी चोरी*
सक्ती- सक्ती थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों और व्यापारियों में दहशत का माहौल है। बीती रात अज्ञात चोरों ने अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ितों ने थाना सक्ती में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, NH 49 में मसनिया कला चौक के पास किराया के भवन में रहने वाले मोहम्मद अकबर की पंचर दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने एयर कंप्रेसर, जैक, पंचर बनाने के उपकरण सहित लगभग 30 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी सुबह दुकान पहुंचने पर हुई।
वहीं ग्राम मसनिया कला निवासी विद्या भूषण यादव ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि नवधा चौक के पास खड़े उनके ट्रैक्टर क्रमांक CG 11 BE 2956 से महिंद्रा 415 मॉडल की बैटरी अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।
इसके अलावा मसनिया कला पंचायत के चार अलग-अलग स्थानों से बोर का केबल चोरी होने की भी जानकारी सामने आई है। वहीं रतनपाली क्षेत्र में भी बोर केबल चोरी की घटना हुई है। लगातार पंचायत क्षेत्रों में हो रही इन चोरियों से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि एक ही रात में कई स्थानों पर चोरी होना पुलिस गश्त पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने तथा चोरी में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।