174वें सप्ताह भी जारी रहा स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति का जनअभियान, स्वच्छता, जल संरक्षण और पौधारोपण का दिया संदेश
174वें सप्ताह भी जारी रहा स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति का जनअभियान, स्वच्छता, जल संरक्षण और पौधारोपण का दिया संदेश
स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ द्वारा "हरा-भरा, स्वच्छ धरा" के संकल्प के साथ लगातार 174वें सप्ताह स्वच्छता, जल संरक्षण, पौधारोपण एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल के मार्गदर्शन में दुर्ग, भिलाई, रिसाली, बालोद एवं आसपास के विभिन्न धार्मिक, सार्वजनिक और पर्यावरणीय स्थलों पर श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत शिवनाथ नदी घाट, मुक्ति धाम गार्डन, परी गार्डन हुडको, दशहरा मैदान रिसाली, शिव पार्वती धाम बालोद, शिव मंदिर महाकाल सुरेगांव, शिव दुर्गा मंदिर, कपिश्वर धाम तथा ग्राम अंजोरा सहित विभिन्न स्थानों पर सफाई कर प्लास्टिक, झिल्ली, पानी की बोतलें, गुटखा पाउच, डिस्पोजल सामग्री, पूजा सामग्री एवं अन्य कचरे को एकत्रित कर निर्धारित स्थान पर डंप किया गया। शिवनाथ नदी से बदबू फैला रहे कचरे को बाहर निकालकर घाट की साफ-सफाई की गई तथा गार्डनों में गाजर घास हटाकर पूर्व में लगाए गए पौधों की देखभाल भी की गई।
अभियान के दौरान समिति ने नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि वे नदी, तालाब, मंदिर एवं सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं तथा पूजा सामग्री और प्लास्टिक का उपयोग सीमित करें। बैनर, स्लोगन और नारों के माध्यम से स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण एवं नशामुक्ति का संदेश दिया गया।
संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने कहा कि समिति पिछले पांच वर्षों से लगातार जनजागरूकता अभियान चला रही है। उन्होंने दुर्ग नगर निगम से शिवनाथ नदी घाट पर एकत्रित कचरे का नियमित उठाव कराने तथा नदी-तालाबों में पूजा सामग्री विसर्जन के लिए पृथक कुंड निर्माण की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि "स्वच्छता में ही ईश्वर का वास होता है" और प्रत्येक नागरिक को अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्या थनेश्वरी हरदेल ने कहा कि स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति स्वयं श्रमदान कर समाज को स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण एवं नशामुक्ति के प्रति प्रेरित कर रही है। उन्होंने सभी नागरिकों से इन अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
अभियान में प्रदेश सचिव आशीष कुमार दिल्लीवार, संयुक्त सचिव सुरेन्द्र साहू, राजेंद्र कुमार साहू, टीनल हरदेल, नरेंद्र देशमुख, मनीष कुमार, महेंद्र यादव, चितरंजन दुर्गा देशमुख, कार्तिक राम चंद्राकर, डेरहा देशमुख, टिकेंद्र हरदेल, भागीरथी सिन्हा, दाऊलाल बघेल, गोलूराम ठाकुर, तुलाराम साहू, कुलेश्वर प्रसाद औसरिया, वामन कुमार यादव, राजेश कुमार, तरुणा देशमुख, कामीन साहू, प्रीति, हैदर, मयंक सहित अनेक स्वयंसेवकों एवं गणमान्य नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।