नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग के अथक प्रयास लाए रंग, खरसिया को मिली 4.82 करोड़ की ऐतिहासिक सौगात; आगामी गर्मी से पहले बनेंगे 3 नए ओवरहेड टैंक
खरसिया। नगर पालिका परिषद खरसिया के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि सामने आई है। नगर के विकास एवं पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए राज्य शासन द्वारा 4 करोड़ 82 लाख 47 हजार रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वपूर्ण सौगात को नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग के निरंतर प्रयासों, जनहित के प्रति समर्पण और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम माना जा रहा है।
प्राप्त स्वीकृति के तहत खरसिया नगर में 3 नए उच्च स्तरीय ओवरहेड टैंक (पानी टंकी), संपवेल निर्माण, इंटेकवेल पहुंच मार्ग, सीसी सड़क एवं आरसीसी नाली सहित कई महत्वपूर्ण अधोसंरचना कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों के पूर्ण होने से नगरवासियों को बेहतर पेयजल सुविधा मिलेगी और विकास कार्यों को नई गति प्राप्त होगी।
नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विष्णु देव साय, अरुण साव एवं ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि नगरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और आगामी गर्मी से पहले सभी स्वीकृत ओवरहेड टैंकों का निर्माण पूर्ण कराने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक वित्तीय स्वीकृति नहीं, बल्कि खरसिया के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। आने वाले समय में नगर की पेयजल व्यवस्था और अधोसंरचना में व्यापक सुधार दिखाई देगा, जिससे नागरिकों को सीधे लाभ मिलेगा।
नगर में इस बड़ी स्वीकृति को लेकर उत्साह का माहौल है। लोगों का मानना है कि कमल गर्ग के नेतृत्व में खरसिया लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और करोड़ों रुपये की यह सौगात नगर के विकास को नई दिशा देने का कार्य करेगी।