लैलूंगा पुलिस ने झपटमारी गिरोह का किया पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार, 8 लाख की संपत्ति बरामद
15 जून 2026
संवाददाता - संतोष कुमार चौहान
साइंस वाणी न्यूज़ लैलूंगा
लैलूंगा/रायगढ़। लैलूंगा साप्ताहिक बाजार में हुई झपटमारी की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। बाजार में झपटमारी की सूचना मिलते ही महिला आरक्षक पूनम साहू ने ग्रामीणों की मदद से एक महिला संदिग्ध को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक अन्य आरोपी को भी हिरासत में लिया। इसके बाद हुई सघन पूछताछ में एक संगठित झपटमारी और पाकेटमारी गिरोह का पर्दाफाश हुआ।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे अपने परिवार की पांच महिला सदस्यों के साथ इको वाहन क्रमांक सीजी 30 जे 8035 से बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र से लैलूंगा बाजार पहुंचे थे। गिरोह ग्रामीण हाट-बाजारों एवं मेलों में भीड़ का फायदा उठाकर पाकेटमारी और झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देता था।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि वारदात के बाद गिरोह के अन्य सदस्य जशपुर जिले में अपने परिचितों के यहां चले गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जशपुर, सरगुजा एवं बलरामपुर पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया। लैलूंगा पुलिस टीम ने देर रात कार्रवाई करते हुए जशपुर से गिरोह की चार अन्य महिला सदस्यों को हिरासत में लेकर थाना लाया।
सभी आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़िता की 18 ग्राम वजनी सोने की चैन एवं लॉकेट, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपये है, घटना में प्रयुक्त इको वाहन जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये है तथा चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कुल मिलाकर लगभग 8 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
मामले में थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 190/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक गिरधारी साव, आरक्षक विनोद कुजूर, शशिभूषण उरांव, उमेश साय, महिला आरक्षक पूनम साहू एवं लीलावती उरांव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही थाना साइबर रायगढ़, अंबिकापुर एवं जशपुर पुलिस का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
गिरफ्तार आरोपी
मंगरीता गिरी (25 वर्ष)
दीपक गिरी (21 वर्ष)
रीला गिरी (28 वर्ष)
राजमोहनी उर्फ ठोली (45 वर्ष)
सोनम गिरी (20 वर्ष)
उर्मिला गिरी (27 वर्ष)
सभी निवासी बगाड़ी राजपुर, थाना राजपुर, जिला बलरामपुर (छत्तीसगढ़) के रहने वाले हैं।
एसएसपी का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ग्रामीण हाट-बाजारों में आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। पाकेटमारी, झपटमारी एवं महिलाओं को निशाना बनाने वाले संगठित गिरोहों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।