-->
महतारी वंदन योजना में लापरवाही का मामला, अविवाहित युवतियों को मिला हजारों रुपये का लाभ

महतारी वंदन योजना में लापरवाही का मामला, अविवाहित युवतियों को मिला हजारों रुपये का लाभ

साइंस वाणी न्यूज़ 
सारंगढ़ बिलाईगढ़ 

 महतारी वंदन योजना में लापरवाही का मामला, अविवाहित युवतियों को मिला हजारों रुपये का लाभ


कागजों में हुई जांच या सिर्फ औपचारिकता? अविवाहित युवतियों को मिलता रहा महतारी वंदन का पैसा!



सारंगढ़-बिलाईगढ़:- महिला एवं बाल विकास विभाग की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना में पात्रता सत्यापन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार भटगांव परियोजना अंतर्गत ग्राम चिचोली की कुमारी जानकी पटेल एवं कुमारी किरण चौहान को पिछले दो वर्षों से अधिक समय से योजना का लाभ दिया जा रहा है, जबकि दोनों का विवाह नहीं हुआ है।

जानकारी के मुताबिक योजना का लाभ प्राप्त करने वाली इन दोनों युवतियों के खातों में अब तक 50 हजार रुपये से अधिक की राशि जमा हो चुकी है। मामला सामने आने के बाद लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि जब योजना के लिए आवेदन, दस्तावेजों का परीक्षण, पात्रता सत्यापन तथा अनुमोदन जैसी कई प्रक्रियाएं निर्धारित हैं, तब आखिर यह भुगतान लगातार कैसे होता रहा?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या विभागीय स्तर पर दस्तावेजों की जांच केवल कागजों तक सीमित रह गई है, या फिर पात्रता सत्यापन की प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही बरती गई है? यदि संबंधित हितग्राही वास्तव में योजना की पात्र नहीं थीं, तो जिम्मेदारी तय किए बिना केवल राशि वसूली कर देना पर्याप्त नहीं माना जा सकता। क्षेत्र में चर्चा है कि यदि प्रारंभिक स्तर पर ही दस्तावेजों एवं पात्रता की सही जांच की जाती, तो शासन की राशि का इस प्रकार भुगतान नहीं होता। ऐसे में अब निगाहें महिला एवं बाल विकास विभाग पर टिकी हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाती है।

फिलहाल यह मामला विभागीय कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहा है। अब देखना होगा कि जांच के बाद सच्चाई क्या निकलकर सामने आती है और शासन की राशि के संबंध में क्या निर्णय लिया जाता है।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article