पेंड्रावन-बालपुर सड़क की बदहाली पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, निर्माण व मरम्मत की मांग को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
पेंड्रावन-बालपुर सड़क की बदहाली पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, निर्माण व मरम्मत की मांग को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
सारंगढ़-बिलाईगढ़। पेंड्रावन से बालपुर तक जाने वाले सड़क मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर शीघ्र सड़क निर्माण एवं मरम्मत की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पूरी तरह से टूट चुकी है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से आवागमन बेहद कठिन हो गया है।
ज्ञापन में बताया गया है कि बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है। आए दिन दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। सड़क की खराब हालत के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों तथा आम नागरिकों को बालपुर और आसपास के प्रमुख केंद्रों तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अजीत जोगी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विकास टंडन के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में जनहित को ध्यान में रखते हुए पेंड्रावन से बालपुर मार्ग का डामरीकरण तथा तत्काल मरम्मत कार्य कराने की मांग की गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करते हुए क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधा उपलब्ध कराने की अपील की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में जन आंदोलन की रणनीति भी बनाई जा सकती है।
