-->
ग्राम पंचायतों की समस्याओं को लेकर सरपंच संघ ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

ग्राम पंचायतों की समस्याओं को लेकर सरपंच संघ ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

बसंत प्रधान जिला ब्यूरो चीफ कांकेर

कांकेर। विकासखंड कांकेर के सरपंच संघ ने ग्राम पंचायतों की विभिन्न समस्याओं एवं विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में पंचायतों के समुचित विकास एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गई हैं।

सरपंच संघ ने मांग की है कि ग्राम सभाओं द्वारा प्रस्तावित निर्माण कार्यों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल सके। साथ ही डीएमएफ मद से राशि वितरण की पूर्व व्यवस्था बहाल करने की मांग की गई है, जिससे ग्राम पंचायतों को आर्थिक सहायता प्राप्त हो सके।

ज्ञापन में 15वें वित्त आयोग की कार्ययोजना के तहत संचालित कार्यों में विभागीय जटिलताओं को सरल बनाने, ग्राम पंचायत विकास निधि की राशि बढ़ाकर प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये करने तथा ग्रामीण सचिवालय की बैठकों में सभी विभागों के मैदानी अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है।

इसके अलावा बस्तर विकास प्राधिकरण एवं समग्र विकास योजना के अंतर्गत विकासखंड कांकेर की सभी ग्राम पंचायतों को निर्माण कार्यों के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

सरपंच संघ ने कहा कि यदि ज्ञापन सौंपने के एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो विकासखंड कांकेर के सरपंच लोकतांत्रिक तरीके से एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन एवं चक्का जाम आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

सरपंच संघ ने मुख्यमंत्री से मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया है, ताकि ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों में तेजी आए और ग्रामीण जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article